'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबका प्रयास', स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने दिया नया मंत्र
नई दिल्ली, 15 अगस्त: 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने लालकिले की प्राचीर से तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने देश को संबोधित किया। इस बार कोरोना महामारी के बीच पीएम का संबोधन बहुत ही खास था, जिसमें उन्होंने 100 प्रतिशत भारत की वकालत की। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि अगर 21वीं सदी में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है, तो देश की क्षमताओं को पूरी तरह से उपयोग करना होगा।
Recommended Video

वहीं पीएम मोदी ने पहले मंत्र दिया था- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास जिसमें अब उन्होंने 'सबका प्रयास' जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब हमें शत-प्रतिशत प्रयास करने की ओर बढ़ना है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि 100 प्रतिशत गांवों में सड़कें हों, 100 प्रतिशत घरों में बैंक खाता हो, 100 प्रतिशत लाभार्थियों के पास आयुष्मान भारत कार्ड हों और 100 प्रतिशत पात्र लोगों के पास उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन हो।
पीएम के मुताबिक हर देश की विकास यात्रा में एक समय आता है जब वो राष्ट्र खुद को एक नए छोर से परिभाषित करता है। इसके अलावा वो नए संकल्पों के साथ खुद को आगे बढ़ाता है। भारत के लिए वो समय अब आ गया है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले वर्षों में हमें देश के छोटे किसानों की सामूहिक शक्ति को बढ़ाना होगा। हमें उन्हें नई सुविधाएं देनी होंगी। उन्हें देश का गौरव बनना चाहिए।
आधुनिक भारत पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि देश के गांव तेजी से बदल रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में सड़क और बिजली जैसी सुविधाएं गांवों तक पहुंची हैं। आज ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क गांवों को डेटा की शक्ति प्रदान कर रहा है। इन सब प्रयासों का नतीजा है कि गांवों से लगातार डिजिटल उद्यमी तैयार हो रहे हैं। अभी तक गांव में 8 करोड़ के करीब लोग स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हैं। साथ ही उनके द्वारा अच्छे उत्पाद तैयार हो रहे। जिन्हें बड़ा बाजार दिलाने के लिए सरकार एक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तैयार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications