एस जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री से की फोन पर बात, अफगानिस्तान को लेकर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 25 अगस्त: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब से बात की है। दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई है, जिसमें कई मुद्दों पर बात हुई लेकिन मुख्यतौर पर अफगानिस्तान के हालात को लेकर चर्चा हुई। अफगानिस्तान से अशरफ गनी के भागने और तालिबान लड़ाकों के काबुल को अपने कब्जे में लेने के बाद, बीते 10 दिनों में भारत और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों के बीच दो बार फोन पर बात हो चुकी है।

एस जयशंकर ने ट्वीट कर लिखा है कि आज दोपहर यूके के फॉरेन सेक्रेटरी डोमिनिक राब से बात की। हमारी बातचीत खासतौर से अफगानिस्तान के घटनाक्रम पर केंद्रित थी। जयशंकर ने आज सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री से भी बात की। जयशंकर ने बातचीत में सउदी के यात्रा में कोविड प्रतिबंधों में ढील के फैसला का स्वागत किया।
बीते हफ्ते भी की थी जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री से बात
विदेश मंत्री जयशंकर ने ब्रिटेन के अपने समकक्ष डोमिनिक राब से बीते हफ्ते भी बात की थी और अफगानिस्तान में चल रहे घटनाक्रम पर चर्चा की थी। इस बातचीत में दोनों देशों ने सुरक्षा खतरों से निपटने, शरणार्थियों का सहयोग करने और आम अफगान नागरिकों की मानवीय दुर्दशा को खत्म करने के लिए एक साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी।
15 अगस्त को तालिबान ने काबुल में प्रवेश करने के बाद राष्ट्रपति भवन पर कब्जा कर लिया था। जिसके बाद देश में भारी उथल पुथल का माहौल है। राजधानी के तालिबान के कब्जे में जाने के बाद हजारों लोग देश से भागने की कोशिश में हैं। तालिबान की कट्टरपंथी सोच और शासन चलाने के तरीके से लोग घबराए हुए हैं। ऐसे में भारत, ब्रिटेन सहित कई देश भी लगातार अपने नागरिकों को अफगानिस्तान से निकाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications