श्रीलंका के नवनियुक्त राष्ट्रपति 29 नवंबर को आएंगे भारत, पीएम मोदी ने दिया था न्योता
नई दिल्ली। श्रीलंका के नवनियुक्त राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को भारत के विदेश मंत्री एस जयशकर ने बधाई दी है। श्रीलंका के नवनियुक्त राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आने का न्योता दिया था, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति राजपक्षे इस महीने 29 नवंबर को भारत के दौरे पर आएंगे। बता दें कि राजपक्षे श्रीलंका के 17वें राष्ट्रपति हैं।

बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी का श्रीलंका के नवनियुक्त राष्ट्रपति का भारत से खास नाता है। उन्होंने 1983 में मद्रास यूनिवर्सिटी से एमए की पढ़ाई पूरी की थी। यही नहीं उन्होंने 1980 के दशक में असम में चलाए गए उग्रवाद निरोधी अभ्यास में भी हिस्सा लिया था। वर्ष 2012 व 2013 में वह श्रीलंका के रक्षा मंत्री के तौर पर भारत के दौरे पर आए थे। इस बार चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया था।
चुनाव जीतने के बाद गोटाबाया ने कहा कि हम श्रीलंका के एक नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। हमे इस बात को याद रखना होगा कि सभी श्रीलंका के निवासी इस सफर का हिस्सा बनें। राजपक्षे की पार्टी एसएलपीपी ने चुनाव में जीत दर्ज की थी। गोटाबाया ने श्रीलंका सरकार और सेना के बीच चल रहे तीन दशक लंबे गृहयुद्ध को खत्म करने में काफी अहम भूमिका निभाई थी। एक तरफ जहां गोटाबाया को श्रीलंका के बहुसंख्यक सिंहली बौद्ध के लोग युद्ध का नायक मानते हैं तो दूसरी तरफ अल्पसंख्यक उन्हें खलनायक के तौर पर देखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications