यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत की जांच कराएगा रूस, परिवार के प्रति जताई संवेदना
नई दिल्ली, 2 मार्च: भारत में हाल ही में आए रूस के नए राजदूत डेनिस अलिपोव ने कहा है कि रूसी हमले में यूक्रेन के खार्किव में 21 वर्षीय भारतीय मेडिकल छात्र नवीन की मौत के मामले की जांच की जाएगी। अलीपोव ने कहा है कि हम नवीन शेखरप्पा की मौत को लेकर उसके परिवार और पूरे भारतीय देश के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त करते हैं और इसकी जांच का आश्वासन देते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने को लेकर भारत का अनुरोध किया है और वो इस पर ध्यान दे रहे हैं।

Recommended Video
भारत में नामित रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने बुधवार को कहा, हम खार्किव और पूर्वी यूक्रेन के अन्य क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को लेकर भारत के अफसरों से संपर्क में हैं। हमें भारत की ओर से वहां फंसे लोगों की आपातकालीन निकासी के लिए अनुरोध प्राप्त हुए हैं। इस पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा, रूस और भारत पुराने रणनीतिक सहयोगी हैं। भारत भी यूक्रेन के साथ हमारे संकट की गंभीरता और गहराई को समझता है। हम संयुक्त राष्ट्र में भारत की ओर से लिए गए संतुलित स्टैंड के लिए भी उनके आभारी हैं।
भारत के साथ हुए रक्षा सौदों पर पश्चिमी देशों के रूस पर प्रतिबंध और यूक्रेन संकट से फर्क पड़ने के सवाल पर डेनिस अलीपोव ने कहा, जहां तक भारत को S-400 की आपूर्ति का संबंध है, तो मैं साफ कर देना चाहता हूं कि इसमें किसी तरह की कोई रुकावट नहीं होगी। इस सौदे को बिना बाधा जारी रखने रखने के रास्ते हमारे पास हैं। इस सौदे पर किसी भी सेंक्शन का कोई असर नहीं होगा।
बता दें कि लंबी तनातनी के बाद बीते हफ्ते रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद रूसी फौजें यूक्रेन में घुस गई हैं। छह दिनों से यूक्रेन हमले का सामना कर रहा है, जिससे वहां दहशत तारी है। भारत के कई हजार छात्र भी यूक्रेन में फंसे हैं। एक छात्र की गोलीबारी में मौत भी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications