'भारत कभी ऐसे मुद्दों पर नहीं लड़ता, ये हिंदुओं का...', इजराइल-हमास पर ये क्या बोल गए RSS प्रमुख मोहन भागवत
RSS Mohan Bhagwat On Israel-Hamas war: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि इजराइल और हमास के बीच संघर्ष के कारण जैसे मुद्दों पर भारत में कभी लड़ाई या युद्ध नहीं हुआ। भारत कभी भी ऐसे मुद्दों पर नहीं लड़ता है।
नागपुर के एक स्कूल में छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए मोहन भागवत ने कहा, ''इस देश में, एक धर्म और संस्कृति है, जो सभी संप्रदायों और विश्वासों का सम्मान करती है। वह धर्म है हिंदू धर्म। यह हिंदुओं का देश है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम अन्य सभी (धर्मों) को अस्वीकार करते हैं। एक बार जब आप हिंदू कह देंगे तो यह बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि मुसलमानों को भी सुरक्षा मिली हुई है। ऐसा सिर्फ हिंदू ही करते हैं। ऐसा सिर्फ भारत ही करता है। दूसरों ने ऐसा नहीं किया है।'

मोहन भागवत ने आगे कहा कि, "हर जगह संघर्ष चल रहा है। आपने यूक्रेन में युद्ध, हमास-इजराइल युद्ध के बारे में सुना होगा। हमारे देश में, ऐसे मुद्दों पर कभी युद्ध नहीं हुए। शिवाजी महाराज के समय में आक्रमण उस तरह का था। लेकिन हमने कभी नहीं लड़ा इस मुद्दे पर किसी से भी लड़ाई हो जाती है। इसलिए हम हिंदू हैं।''
मोहन भागवत की ये टिप्पणियां इजराइल और फिलिस्तीन के आतंकवादी समूह हमास के बीच युद्ध के 16वें दिन में प्रवेश करने के बाद आई हैं।
मोहन भागवत 24 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर नागपुर में आरएसएस के वार्षिक विजयदशमी उत्सव को संबोधित करेंगे, जिसके लिए संगठन ने गायक शंकर महादेवन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
रेशिमबाग मैदान में आयोजित होने वाला पारंपरिक दशहरा कार्यक्रम, संगठन के कार्यक्रम कैलेंडर का एक अहम अंग है।
ऑर्गनाइजेशन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह कार्यक्रम सुबह करीब 6.20 बजे सीपी और बरार कॉलेज गेट और रेशिमबाग मैदान से पथ संचलन या रोड मार्च के साथ शुरू होगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम सुबह 7.40 बजे शुरू होगा। आरएसएस की स्थापना सितंबर 1925 में दशहरे के दिन केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी।












Click it and Unblock the Notifications