राम मंदिर के लिए 24 अक्टूबर को लखनऊ में जुटेंगे BJP-RSS के दिग्गज, 2019 से पहले बनेगी खास रणनीति
नई दिल्ली। राम मंदिर निर्माण को लेकर रणनीति पर चर्चा करने और कुम्भ मेले की तैयारियों पर बातचीत करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक 24 अक्टूबर को यूपी की राजधानी लखनऊ में होगी। आरएसएस की इस बैठक में संघ के जॉइंट सेक्रेटरी दत्तात्रेय होसबोले और कृष्णगोपाल भी शामिल होंगे। समन्वय बैठक के रूप में बुलाई जा रही मीटिंग में राज्य सरकार और यूपी भाजपा के कई पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी इस बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए नई रणनीति, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों का आंकलन, इलाहाबाद में कुंभ मेला की तैयारी और राम मंदिर निर्माण के लिए रणनीति पर चर्चा होनी है। सूत्रों के मुताबिक, आरएसएस के करीब 500 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ता इस बैठक में शामिल होंगे। आगामी लोकसभा चुनाव और राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर बीजेपी के लिए ये बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक लखनऊ आ रहे हैं, ऐसे में सारे इंतजाम किए जा रहे हैं। दोनों मुद्दों पर जॉइंट सेक्रेटरी दत्तात्रेय होसबोले और कृष्णगोपाल, राजनीतिक महत्व को देखते हुए नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि राम मंदिर मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को होनी है।












Click it and Unblock the Notifications