हैदराबाद में कैब ड्राइवर के अकाउंट में जमा कराए गए 7 करोड़ रुपये, इनकम टैक्स अफसरों ने कसा शिकंजा
अकाउंट में इतनी धनराशि का पता चलते ही ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी गई लेकिन वह पैसों के सोर्स के बारे में कुछ नहीं बता पाया। ड्राइवर से जवाब न मिलने पर उन ब्रांच से सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच शुरू हुई।
हैदराबाद। नोटबंदी के बाद इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी बेहद चौकन्ने हैं। हैदराबाद में एक कैब ड्राइवर के खाते में 7 करोड़ रुपये जमा होने और उन्हें तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर करने की जानकारी मिलते ही इनकम टैक्स अधिकारी तुरंत पड़ताल में जुट गए। कैब ड्राइवर के अकाउंट में जमा कराया गया सारा पैसा 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों में था।

अकाउंट में सारा पैसा जमा होने के बाद उसे धीरे-धीरे करके एक सर्राफा कारोबारी को ऑनलाइन पेमेंट के जरिए भेजा गया। इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अकाउंट में इतनी धनराशि का पता चलते ही ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी गई लेकिन वह पैसों के सोर्स के बारे में कुछ नहीं बता पाया। ड्राइवर से कोई सही जवाब न मिलने पर उन ब्रांच से सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच शुरू की गई जहां से पैसे जमा किए गए थे।
ड्राइवर के ही दो साथियों ने जमा कराया था पैसा
जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया, 'एरिया के सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला ड्राइवर के ही दो साथियों ने उसके अकाउंट में पैसे जमा कराए थे।' अधिकारियों ने दोनों को पकड़ लिया और बुधवार को पूछताछ शुरू की। उनसे पैसे जमा करने और सोना खरीदने के बारे में पूछताछ की गई। अधिकारियों ने कहा, 'हमने उनके बयान रिकॉर्ड कर लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (PMGKY) के तहत 7 करोड़ रुपये पर टैक्स देने की बात कही है।'
देना पड़ेगा 3.5 करोड़ रुपये टैक्स
PMGKY के नियमों के मुताबिक, टैक्स चोरी में फंसे आरोपियों को 3.5 करोड़ रुपये टैक्स और अलग से जुर्माना भी देना पड़ेगा। इसके अलावा उन्हें PMGKY के तहत 25 फीसदी कैश बैंक में जमा करना होगा, जो कि चार साल तक बिना ब्याज के बैंक में जमा रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications