Robert Vadra: अमेठी नहीं! इस सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं रॉबर्ट वाड्रा, कांग्रेस से हरी झंडी का इंतजार
Robert Vadra willing to contest Lok Sabha Elections: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जीजा रॉबर्ट वाड्रा ने चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा अब खुलकर जाहिर कर दी है। उन्होंने संकेत दिया है कि वह इसी लोकसभा चुनावों से सक्रिय राजनीति में एंट्री करने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि अगर उन्हें मौका दिया जाता है तो वह यूपी की मुरादाबाद या हरियाणा से चुनाव लड़ना चाहेंगे।

रॉबर्ट वाड्रा को कांग्रेस से हरी झंडी का इंतजार
उन्होंने बताया है कि उनकी कोशिश रही है कि राजनीति से दूर रहें, लेकिन अगर पार्टी को लगता है कि वह बदलाव ला सकते हैं तो उन्हें चुनावी राजनीति में उतरने से इनकार नहीं है।
गांधी परिवार जुड़े होने की वजह से परेशान किया गया- रॉबर्ट वाड्रा
वाड्रा ने कहा है, 'मैं राजनीति से दूर रहा हूं, लेकिन विभिन्न राजनीतिक पार्टियां मुझे राजनीति में खींचना चाहती थीं और गांधी परिवार से मेरे संबंधों की वजह से मुझे परेशान करने के हथकंडे अपनाती रहीं। जब कभी चुनाव होता है, मेरे साथ हमेशा राजनीतिक टूल की तरह बर्ताव किया गया है और सॉफ्ट टारगेट या हार्ड टारगेट बनाया गया है।'
संसद के अंदर से विरोधियों को जवाब देना चाहते हैं वाड्रा
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के दामाद को लगता है कि वह एक सांसद के रूप में ऐसे विरोधियों को ज्यादा सही तरीके से जवाब दे सकते हैं। उनका कहना है, 'लोगों को लगता है कि मुझे उन्हें जवाब देना चाहिए, एक बिजनेसमैन के रूप में नहीं, संसद के अंदर एक सांसद के तौर पर राजनीतिक रूप से।'
मुरादाबाद या हरियाणा से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
वाड्रा ने आगे कहा, 'देश मुझे सक्रिय राजनीति में देखना चाहता है। अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि मैं बदलाव ला सकता हूं, मैं सक्रिय राजनीति में आऊंगा। यह जरूरी नहीं है कि मैं अमेठी से चुनाव लड़ूंगा। मुरादाबाद और हरियाणा के लोग भी मुझसे अनुरोध कर रहे हैं कि मैं उनके चुनाव क्षेत्र से लड़ूं।'
मुरादाबाद सीट पर सपा घोषित कर चुकी है प्रत्याशी
कांग्रेस ने अभी तक यूपी की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए हैं। अमेठी में पिछली बार वाड्रा के साले राहुल गांधी भाजपा की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। वहीं मुरादाबाद सीट पर इस बार कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने पहले ही रुचि वीरा को उम्मीदवार बना दिया है।
हरियाणा में कांग्रेस करने वाली है उम्मीदवारों का ऐलान
इसलिए, अगर कांग्रेस ने इसी चुनाव में वाड्रा की इच्छा पर मुहर लगाने का फैसला किया तो उनके हरियाणा से ही चुनाव लड़ने की संभावना बचती है, जहां कांग्रेस ने अबतक उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।
मेरे खिलाफ आरोप आधारहीन- वाड्रा
अपने खिलाफ लगे आरोपों को लेकर प्रियंका के पति का कहना है, 'काफी समय बीत चुका है। मेरे खिलाफ जो भी आरोप उन्होंने लगाया वे आधारहीन थे। मैंने ईडी के सारे सवालों का जवाब दे दिया है....मैंने 23,000 दस्तावेज जमा किए हैं। मैं वहां वर्षों से जाता हूं और वहां पर 12 से 15 घंटे बिताता हूं।'
'मैं हर हफ्ते भंडारा करता हूं'
सक्रिय राजनीति में आने के अपने फैसले को लेकर उन्होंने कहा, 'जहां तक सक्रिय राजनीति में मेरी भूमिका की बात है, मैं हर हफ्ते भंडारा आयोजित करता हूं और पूरे देश में लोगों की सेवा करता हूं और उनके साथ रहता हूं।'
'मैं गांधी परिवार से हूं'
उनका कहना है 'लोगों की समस्याओं का हल निकालना मेरी जिम्मेदारी है, क्योंकि मैं गांधी परिवार से हूं। जब लोगों के लिए मैं काम करता हूं तो मुझे हमेशा ताकत महसूस होती है।'












Click it and Unblock the Notifications