लालू के विधायक जी को भीड़ ने जमकर पीटा, फेंका खौलता हुआ तेल
गया। बिहार के बेलागंज के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव एक दुकानदार से हाथापाई में घायल हो गए। आरोप है कि दुकान के एक कर्मी ने विधायक पर कड़ाह में खौलता हुआ (गर्म) तेल फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, गया जिले के बेलागंज के विधायक ने रविवार रात एक तिलकुट की दुकान पर अपने ड्राइवर को तिलकुट लाने के लिए भेजा।

ड्राइवर के लौटने में विलंब के करण विधायक का अंगरक्षक भी वहां पहुंच गया। तिलकुट देने में हो रही देरी पर अंगरक्षक भड़क गया और दुकानदार की पिटाई कर दी। आरोप है कि दुकान कर्मियों ने विधायक के अंगरक्षक और ड्राइवर की पिटाई कर दी। इसके बाद विधायक भी दुकान पर पहुंचे, जहां दुकानदार के सहयोगियों ने विधायक की भी पिटाई कर दी। इस दौरान विधायक पर खौलता तेल भी डाल दिया गया।
गया के पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने सोमवार को बताया कि विधायक को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है, जबकि घायल दुकानदार धीरेन्द्र कुमार केसरी को भी एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुकानदार केसरी द्वारा इस मामले की एक प्राथमिकी गया के कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications