ऋषि सुनक: महबूबा को याद आया CAA-NRC,भाजपा का पलटवार- क्या J&K में अल्पसंख्यक सीएम स्वीकार करेंगी
Rishi Sunak religion: ऋषि सुनक के ब्रिटिश पीएम बनने पर भारतीय राजनीति गर्म हो गई है। पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती को सुनक की कामयाबी देखते ही नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी जैसे राजनीतिक मुद्दों की याद सताने लग गई है। महबूबा को सुनक के रूप में एक अल्पसंख्यक हिंदू का ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनना दिखाई दे रहा है। लेकिन, उनके मन में मची उथल-पुथल का भाजपा नेता और पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी उन्हीं की राजनीति को याद दिलाते हुए उनपर जोरदार पलटवार किया है। प्रसाद ने जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यक मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर महबूबा से सीधा जवाब मांग लिया है।

ऋषि सुनक के चलते महबूबा को याद आया एनआरसी-सीएएए
ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने पर पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने खुशी तो जताई है, लेकिन उन्होंने इस मौके पर भी अपनी राजनीतिक टीस निकालने में कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने ट्विटर का इस्तेमाल करते हुए लिखा है, 'गर्व की बात है कि यूनाइटेड किंगडम में पहला भारतीय मूल का प्रधानमंत्री होगा। पूरे भारत में सही में जश्न मनाया जा रहा है, इससे हमें यह भी याद रखना होगा कि जब यूनाइटेड किंगडम ने एक जातीय अल्पसंख्यक सदस्य को अपना प्रधानमंत्री स्वीकार किया है, हम अभी भी एनआरसी और सीएए जैसे विभाजनकारी और भेदभावपूर्ण कानूनों में उलझे हुए हैं। '
Recommended Video

सुनक की तारीफ की जगह बेवजह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं-रविशंकर
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा की इस टिप्पणी पर भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री और लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद ने ऋषि सुनक की ब्रिटिश पीएम के तौर पर ताजपोशी के बारे में ट्विटर पर ही कहा है, 'भारतीय मूल के एक सक्षम नेता यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री बन रहे हैं। हम सभी को उनकी असाधारण सफलता पर उनकी प्रशंसा करनी चाहिए। यह दुखद है कि कुछ भारतीय राजनेता इस अवसर पर भी दुर्भाग्य से बेताल राजनीतिक मुद्दे उठाने की कोशिश कर रहे हैं।'

कलाम, मनमोहन और द्रौपदी मुर्मू का नाम याद दिलाकर पलटवार
रविशंकर ने यह भी लिखा है कि, 'ऋषि सुनक के यूके के पीएम चुने जाने पर कुछ नेता बहुसंख्यकवाद के खिलाफ बहुत ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। बड़े ही सम्मान के साथ उन्हें एपीजे अब्दुल कलाम के राष्ट्रपति के रूप में असाधारण कार्यकाल और 10 साल तक प्रधानमंत्री रहने मनमोहन सिंह की याद दिला रहे हैं। एक प्रतिष्ठित आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू अब हमारी राष्ट्रपति हैं। '

क्या अल्पसंख्यक सीएम स्वीकार करेंगी महबूबा- बीजेपी
एक ट्वीट में भाजपा नेता ने पीडीपी चीफ का नाम लेकर उनपर तगड़ा पलटवार किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, 'ऋषि सुनक के यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद भारत में अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर महबूबा मुफ्ती की टिप्पणी वाला ट्वीट देखा है। महबूबा मुफ्ती जी! क्या आप एक अल्पसंख्यक को जम्मू और कश्मीर राज्य का मुख्यमंत्री स्वीकार करेंगी? कृप्या स्पष्ट जवाब दें।'

ऋषि सुनक ने रचा इतिहास
दरअसल, भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनकर ऋषि सुनक ने इतिहास रच दिया है। इससे पहले सुनक ने जब योर्कशायर के सांसद के तौर ब्रिटिश संसद में भगवत गीता के नाम पर शपथ ली थी, वे ऐसा करने वाले ब्रिटेन के पहले सांसद थे। ऋषि सुनक अक्सर गर्व से अपनी विरासत, संस्कृति और मूल्यों का जिक्र करते हैं। दिवाली के त्योहार पर भी ऋषि सुनक ने डाउनिंग स्ट्रीट पर अपनी धार्मिक परंपरा का बहुत ही सम्मान के साथ पालन करते गए दीए जलाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications