सबसे धनी महिला लड़ती हरियाणा विधानसभा का चुनाव
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) क्या आपको मालूम है कि देश की सबसे धनी महिला भी हरिय़ाणा विधानसभा का चुनाव लड़ रही हैं ? नाम है सावित्री जिंदल।सावित्री जिंदल ने कांग्रेस की ओर से हिसार विधानसभा सीट से नामांकन भरा। वह पूर्व सांसद नवीन जिंदल की मां हैं।

सावित्री जिंदल 9.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया की सबसे रईस लोगों की सूची में शामिल हैं। ओपी जिंदल ग्रुप स्टील और बिजली उत्पादन के क्षेत्र से जुड़ा है। इसकी स्थापना उनके पति ओपी जिंदल ने 1952 में की थी।
जिंदल ग्रुप की जिम्मेदारी संभाली
कुछ समय पहले फोर्ब्स द्वारा जारी टॉप 100 भारतीय अरबपतियों में उनका स्थान पांचवां था। ग्रुप की नॉन एग्जिक्यूटिव चेयरमैन सावित्री ने अपने पति की 2005 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत के बाद ग्रुप प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी। सावित्री हरियाणा के हिसार विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भी हैं।
खास बात यह है कि चार उद्योगपति बेटों की मां सावित्री जिंदल को कुछ साल पहले तक हिसार शहर भी ठीक से नहीं जानता था। लेकिन अब भारत में ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड में भी उनका नाम है। बिजनेस उनके चारों बेटे देखते हैं।
जिंदल शॉ लिमिटेड को पृथ्वी जिंदल, जेएसडब्ल्यू ग्रुप ऑफ कंपनी को सज्जन जिंदल, जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड को रतन जिंदल और जिंदल स्टील ऐंड पावर लिमिटेड को नवीन जिंदल देखते हैं।
वे देश-विदेश में कंपनी की मीटिंग में जाती हैं और बिजनेस की बारीकी जानकारी रखती हैं। असम के तिनसुखिया में जन्मीं सावित्री का विवाह 1970 में जिंदल के साथ हुआ।
तब जिंदल की पहली पत्नी विद्या देवी की मृत्यु हो गई थी। सनद रहे कि सावित्री जिंदल हरिय़ाणा में हुड्डा सरकार में मंत्री भी थीं।












Click it and Unblock the Notifications