Republic Day Parade: परेड में LR-AASCM मिसाइल देख चीन-पाकिस्तान होंगे चौकन्ने, जोरदार है मारक क्षमता
Republic Day Parade: हर भारतीय के लिए 26 जनवरी को राजपथ पर होने वाली परेड गर्व की बात होती है। गणतंत्र दिवस परेड की भव्यता भारत की ताकत, क्षमता और भविष्य के सपनों की एक झलक होती है। गणतंत्र दिवस परेड में भारत अपनी सैन्य शक्ति और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन करेगा। इस बार परेड में स्वदेशी मिसाइल और तकनीक पर जोर रहेगा।
सूत्रों के मुताबिक, भारत की स्वदेशी लॉन्ग रेंज एंटी शिप मिसाइल (LR-ASHM) भी परेड का हिस्सा होगी। LR-ASHM मिसाइल भारत की समुद्री स्ट्राइक क्षमता को और मजबूक बनाने और डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भर रक्षा तकनीक की मिसाल है। यह मिसाइल खास तौर पर दुश्मन के युद्धपोतों को लंबी दूरी से सटीक निशाना बनाने के लिए विकसित की गई है।

Republic Day Parade: क्या है LR-ASHM मिसाइल
- LR-ASHM को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने विकसित किया है। यह एक अत्याधुनिक एंटी-शिप मिसाइल प्रणाली है, जिसकी रेंज 1,000 किलोमीटर से ज्यादा बताई जा रही है।
- इस मिसाइल के जरिए भारतीय नौसेना दुश्मन के जहाजों पर सुरक्षित दूरी से ही सटीक हमला करने में सक्षम होगी।
- यह मिसाइल समुद्री युद्ध में स्टैंड-ऑफ स्ट्राइक क्षमता से लैस है। इसकी खासियत है कि दुश्मन के डिफेंस सिस्टम के दायरे में आए बिना ही हमला करने में सक्षम है।
LR-ASHM मिसाइल बनेगी भारत के लिए गेम चेंजर
DRDO के प्रमुख डॉ. समीर वी. कामत ने LR-ASHM को भारत की समुद्री युद्ध क्षमता के लिए गेम चेंजर बताया है। उनके अनुसार, यह मिसाइल भारतीय सशस्त्र बलों की लंबी दूरी की सटीक स्ट्राइक क्षमता को मजबूत बनाती है। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान की दिशा में एक और मजबूत कदम है।
LR-ASHM भारतीय नौसेना की समुद्र में ताकत (Sea Control) और समुद्री रणनीतिक क्षमता को और प्रभावी बनाती है। इससे हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में भारत की रणनीतिक बढ़त और समुद्री सुरक्षा क्षमता और मजबूत होगी।
LR-ASHM मिसाइल की प्रमुख खूबियां
भूमिका: लंबी दूरी की एंटी-शिप स्ट्राइक
क्षमता: चलते हुए बड़े युद्धपोतों को सटीक निशाना बनाने में सक्षम
रेंज: 1,000 किलोमीटर से अधिक
मार्गदर्शन प्रणाली: उन्नत नेविगेशन और टर्मिनल गाइडेंस
फ्लाइट प्रोफाइल: Sea-skimming क्षमता, जिससे रडार से बचना संभव
लॉन्च प्लेटफॉर्म: नौसेना के विभिन्न प्लेटफॉर्म से दागी जा सकती है
गणतंत्र दिवस परेड में LR-ASHM मिसाइल का प्रदर्शन न केवल भारत की बढ़ती रक्षा ताकत को दिखाएगा, बल्कि दुनिया को यह भी संदेश देगा कि भारत समुद्री सुरक्षा और स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications