Republic Day 2025: PM मोदी ने गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं, जानिए देशवासियों को क्या दिया खास संदेश
Republic Day 2025: भारत आज 26 जनवरी 2025 को अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। यह दिन भारत के संविधान के लागू होने की 75वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली में कर्त्तव्य पथ से 76वें गणतंत्र दिवस के जश्न में राष्ट्र का नेतृत्व करेंगी। कर्त्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, ''गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं!आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।''

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राष्ट्र को संबोधित किया था। वहीं एक्स पर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई भी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, ''मैं एक बार फिर आप सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देती हूं। मैं देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के साथ-साथ सीमाओं के भीतर सुरक्षा बनाए रखने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी बधाई देती हूं। मैं न्यायपालिका, नौकरशाही और विदेश में स्थित हमारे दूतावासों के सदस्यों को भी बधाई देती हूं।''
Republic Day parade: गणतंत्र दिवस परेड की डिटेल
भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मनाएगा और देश की सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर भव्य परेड निकाली जाएगी। इस वर्ष का समारोह खास है क्योंकि यह संविधान के अधिनियमन की 75वीं जयंती है। इस अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, उनके साथ 352 सदस्यीय इंडोनेशियाई मार्चिंग और बैंड दल परेड में हिस्सा लेंगे।
परेड से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सलामी लेंगी। इस नजारे को देखने के लिए करीब 10,000 विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications