Money Laundering Case: TMC नेता केडी सिंह को जमानत नहीं, 25 जनवरी तक बढ़ी रिमांड
Money Laundering Case: पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिस वजह से वहां पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद केडी सिंह को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीएमसी के प्रवक्ता भी मीडिया के सामने आए और लंबे वक्त से केडी सिंह से कोई वास्ता नहीं होने की बात कही। वहीं अब दिल्ली की विशेष अदालत ने उनकी रिमांड बढ़ा दी है।

दरअसल मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में 13 तारीख को टीएमसी नेता केडी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उनको रोज एवेन्य कोर्ट में पेश किया गया। पहले तो अदालत ने उन्हें तीन दिन यानी 16 जनवरी तक रिमांड पर भेजा था, लेकिन अब शनिवार को स्पेशल कोर्ट ने उसे बढ़ाकर 25 जनवरी तक कर दिया। केडी सिंह से ईडी ने ट्रांजेक्शन से जुड़े कई सवाल पूछे थे, जिसका जवाब वो नहीं दे पाए इसी वजह से उनकी गिरफ्तारी हुई।
क्या है पूरा मामला?
केडी सिंह की कंपनी अल्केमिस्ट इन्फ्रा रियलटी लिमिटेड पर ईडी ने 2016 में अर्थशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत केस दर्ज किया था, बाद में केडी सिंह पर भी केस हुआ। इसी मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई है। केडी सिंह की कंपनी पर 1900 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। 2019 में उनके कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी भी हुई थी। साथ ही कई संपत्तियों को सीज भी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications