Gonda Train Accident: आखिर क्यों गोंडा में पटरी से उतरी ट्रेन, वजह आई सामने
Gonda Train Accident उत्तर प्रदेश के गोंडा में गुरुवार को हुए ट्रेन हादसे के बाद इस इसकी जांच शुरू हो गई है। अधिकारियों ने इस हादसे की प्रारंभिक जांच के बाद ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह बताई है। अधिकारियों को आशंका है कि यह हादसा ट्रेन की पटरी और बोगियों के खराब होने की वजह से हुआ है।
बता दें कि गुरुवार को चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है। हालांकि रेलवे के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर अभी तक इस हादसे की वजह के बारे में कुछ नहीं कहा है।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमें संदेह है कि यह घटना रेलवे ट्रैक और बोगियों में कुछ खराबी के कारण हुई होगी। अभी तक हमें कोई अन्य खराबी नहीं मिली है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह कैसे हुआ क्योंकि रेलवे ट्रैक और बोगियों पर रखरखाव का काम नियमित रूप से तय कैलेंडर के अनुसार किया जाता है।
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि रखरखाव टीम अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन कर रही थी या नहीं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि डिब्बे पटरी से उतरने के तुरंत बाद पलट गए। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने अभी तक कोई पुष्टि नहीं की है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि लोको पायलट त्रिभुवन ने आपातकालीन ब्रेक लगाने से पहले एक विस्फोट सुना, जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई। इस घटना के बाद रेलवे ने अपनी जांच में साजिश के पहलू पर विचार करना शुरू कर दिया है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) को घटना की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।
केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को आगे की चिकित्सा के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
रेलवे ने दुर्घटना से प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और अन्य घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications