CBSE की 12वीं परीक्षा रद्द होने पर देशभर से आ रहे रिएक्शन, जानिए विपक्षी नेताओं ने क्या कहा
नई दिल्ली, 01 जून। कोरोना वायरस महामारी के तांडव के चलते सीबीएसई की 10वीं परीक्षा के बाद मंगलवार यानी 1 जून को 12वीं की बोर्ड परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में कोविड से छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया। केंद्र सरकार के इस फैसले पर अब देशभर से रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे एक बड़ी राहत बताया है।

Recommended Video
अरविंद केजरीवाल ने कही ये बात
खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, भारत सरकार ने बारहवीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है। व्यापक विचार-विमर्श के बाद, हमने एक निर्णय लिया है जो छात्रों के अनुकूल है, जो हमारे युवाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ भविष्य की रक्षा करता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 12वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं रद्द होने के तुरंत बाद ट्वीट कर कहा, मुझे खुशी है कि 12वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है। हम सभी अपने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर बहुत चिंतित थे। यह एक बड़ी राहत है।'
धर्मेंद्र प्रधान और स्मृति ईरानी ने पीएम मोदी का किया धन्यवाद
12वीं परीक्षा रद्द होने पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'मंत्रियों, राज्यों और छात्रों के परामर्श के बाद, पीएम मोदी ने आज युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा के लिए बारहवीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। यह एक अच्छा फैसला है और नई पीढ़ी के लिए एक बड़ा कदम।' वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर कहा, इस साल सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द करने की घोषणा के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार। हमारे युवाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए छात्र हितैषी निर्णय से चिंतित माता-पिता और शिक्षकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
शिक्षा मंत्री ने दी ये जानकारी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने भी परीक्षा रद्द होने की जानकारी देते हुए पीएम मोदी को धन्यवाद कहा है। उन्होंने लिखा, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बारहवीं कक्षा के छात्रों के मन में चिंता को समाप्त कर दिया गया है। अच्छी तरह से परिभाषित मानदंडों के आधार पर सीबीएसई परिणाम जारी करने का निर्णय लिया गया है।
यह भी पढ़ें: CBSE 12वीं की परीक्षा रद्द, पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया फैसला
शशि थरूर ने क्या कहा?
मोदी सरकार के इस बड़े फैसले पर कांग्रेस नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्वीट कर कहा, 'बिग ब्रेकिंग: सीबीएसई कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा रद्द। कक्षा 12 के परिणाम 'अच्छी तरह से परिभाषित वस्तुनिष्ठ मानदंड' के अनुसार होंगे।' बता दें कि 12वीं परीक्षा पर हुई बैठक में गृहमंत्री अमित शाह और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल हुए थे।
प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल का ट्वीट
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल ने भी परीक्षा रद्द होने पर पीएम मोदी का शुक्रिया किया। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच चिंता को खत्म करने और इस साल सीबीएसई बारहवीं बोर्ड परीक्षा रद्द करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद।' पीयूष गोयल लिखते हैं, धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी, यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों और उनके परिवारों के हित में बारहवीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा रद्द करके हमारी युवा पीढ़ी की भलाई और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।












Click it and Unblock the Notifications