पुलिस कमिश्नर के पास ऐसा क्या, जो उसे बचाने को ममता बनर्जी धरना दे रहीं: प्रसाद
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की सरकार और सीबीआई के बीच जारी उठापटक और ममता बनर्जी के धरने पर बैठने को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भ्रष्टाचार को छुपाने की कोशिश बताया है। प्रसाद ने कहा है कि एक पुलिस कमिश्नर को बचाने के लिए जिस तरह ममता धरना दे रही हैं, उससे साफ हैं कि वो बड़े राजदार हैं और उनके पास ऐसा कुछ है जिससे ममता डरी हुई हैं।

प्रसाद ने कहा, सारदा मामले में पहले भी सीबीआई ने कार्रवाई की। ममता बनर्जी की पार्टी के नेता गिरफ्तार हुए, सांसद और विधायक गिरफ्तार हुए लेकिन ममता चुप रहीं। अब जबकि पुलिस कमिश्नर से पूछताछ का नंबर आया को ममता धरने पर बैठ गई। सब मर्यादाओं को परे रखते हुए वो धरना दे रही हैं और धरने में राजीव कुमार भी शामिल है। आखिर राजीव को ऐसा क्या पता है,ये देश को बताया जाए। जरूर से बड़े राजदार हैं, जिनको बचाना है।
प्रसाद ने कहा कि ये पहली बार है जब पुलिस का अधिकारी राजनीतिक पार्टी के धरने में शामिल है। प्रसाद ने राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं पर भी ममता के साथ खड़े होने को लेकर निशाना साधा। प्रसाद ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने चिटफंड घाटाले में जांच के आदेश दिए हैं। सीबीआई की टीम ने तीन बार राजीव कुमार को तीन बार समन दिया पेश होने के लिए। वो पेश नहीं हुए तो सीबीआई टीम उनके घर पहुंची।
रविवार शाम को सारदा चिटफंड मामले में पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर पहुंची सीबीआई टीम को राज्य पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद राज्य सरकार और सीबीआी आमने-सामने हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री केंद्र पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए धरने पर हैं। बनर्जी सीबीआई रविवार शाम से स्थानीय मेट्रो सिनेमा के सामने धरने पर बैठी हैं। वहीं केंद्र सरकार इसे ममता बनर्जी की तानाशाही करार दे रही है।
पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ सीबीआई सोमवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई। सीबीआई ने मांग की है कि कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार सारदा को घोटाले की जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए जाएं। सुप्रीम कोर्ट मामले पर मंगलवार को सुनवाई करेगा। मामले पर सोमवार को लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष की ओर से सीबीआई तोता है के नारे लगे तो टीएमसी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सदन में कहा कि जो कुछ पश्चिम बंगाल की सरकार ने किया है, वो ठीक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications