Ranya Rao Row: 'मैंने खरीदे थे 17 गोल्ड बार्स', एक्ट्रेस रान्या का चौंकाने वाला खुलासा
Ranya Rao Row: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस रान्या राव को पिछले दिनों 14 किलो सोने के साथ एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले में एक नई जानकारी सामने आ रही है। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेत्री ने पुलिस की पूछताछ में 17 सोने की छड़ें और अपनी विदेश यात्राओं की बात स्वीकार की है।
दुबई से 14.8 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार की गई रान्या राव ने पुलिस को दिए अपने बयान में अपने शरीर पर 17 सोने की छड़ें ले जाने की बात स्वीकार की है।

दुबई ही नहीं इन देशों की यात्रा कर चुकी हैं रान्या
पुलिस के सामने दिए बयान में रान्या ने कहा है, "मैंने यूरोप, अमेरिका और मध्य पूर्व की यात्रा की है और दुबई, सऊदी अरब का दौरा किया है। मैं यह बताना चाहती हूं कि मैं इस समय थकी हुई हूं, क्योंकि मुझे पर्याप्त आराम नहीं मिला।" उन्होंने इस बात का खुलासा किया कि वह रियल एस्टेट व्यवसायी केएस हेगदेश की बेटी हैं और उनके पति जतिन हुक्केरी एक आर्किटेक्ट हैं।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उन्हें निष्पक्ष सुनवाई मिल रही है और उन्होंने किसी दबाव में अपना बयान नहीं दिया है। राव ने कहा कि हिरासत में रहने के दौरान उन्हें खाना खाने को कहा गया था लेकिन उन्होंने भूख न होने के कारण खाने से मना कर दिया था।
Ranya Rao Row: पुलिस के चुंगल में ऐसे फंसी रान्या
कन्नड़ अभिनेत्री को राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा था, जब उन्हें प्रतिबंधित सामान ले जाने की सूचना मिली थी। बता दें कि एक्ट्रेस ने 1 महीने में 4 बार दुबई की यात्रा की थी जिसके बाद से ही वो शक के दायरे में थी। DRI ने कहा कि यह हाल के वर्षों में बेंगलुरु हवाई अड्डे पर सबसे बड़ी सोने की जब्ती में से एक है।
अभिनेत्री राव ने सोने की छड़ें अपने शरीर पर बांध ली थीं और पहचान से बचने के लिए उन्हें कपड़ों से छिपा लिया था। DRI अधिकारियों ने राव के आवास पर भी तलाशी ली, जहां उन्होंने 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद जब्त किए।
Ranya Rao Row: इस आईपीएस ऑफिसर के साथ है सबंध
रान्या राव वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। एक्ट्रेस ने पिछले साल दुबई की 30 से अधिक यात्राएँ की और एयरपोर्ट पर जाँच से बचने के लिए अपने पिता के वीआईपी दर्जे का इस्तेमाल करती थी।
हालांकि, इस मामले में के रामचंद्र राव ने उनकी गतिविधियों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है और कहा है कि रान्या राव की जतिन हुक्केरी से शादी के बाद से वे संपर्क में नहीं हैं।
Ranya Rao 18 मार्च तक हिरासत में
माणिक्य जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग से मशहूर हुई रान्या राव को जांच के लिए एक विशेष अदालत ने 18 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत 7 मार्च को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी। डीआरआई अधिकारियों ने अदालत से 9 मार्च से तीन दिनों के लिए रान्या राव से पूछताछ जारी रखने के लिए भी अनुरोध किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications