Ranya Rao: कौन हैं IPS रामचंद्र राव जिन्हें कर्नाटक सरकार ने बनाया DGP? क्या है रान्या राव से रिश्ता?
Ranya Rao : कर्नाटक सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के.रामचंद्र राव को डीजीपी, नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय के पद पर बहाल किया है। उनकी बेटी-अभिनेत्री रान्या राव को सोने की तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्हें अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया था। उन्हें नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनाया गया है।
पीटीआई के मुताबिक आदेश में कहा गया है कि 'डॉ राव, आईपीएस (केएन 1993) के संबंध में अनिवार्य छुट्टी का आदेश वापस लिया जाता है और अधिकारी को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय के पुलिस महानिदेशक के रूप में उन्नत रिक्त पद पर तैनात किया जाता है।'

यह पद आईपीएस (वेतन) नियम 2016 के नियम 12 के तहत बेंगलुरु में डीजीपी, आपराधिक जांच विभाग, विशेष इकाई और आर्थिक अपराध के कैडर पद के समान स्थिति और जिम्मेदारियों वाला है। आपको बता दें कि बहाली से पहले, राव कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे।
कौन है Ranya Rao?
28 मई 1993 को जन्मी रान्या राव का असली नाम हर्षवर्धिनी रान्या है। वो कन्नड़ की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। अभिनेत्री रान्या राव को राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने 3 मार्च को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से आने के बाद गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने उनके कब्जे से ₹12.56 करोड़ मूल्य के सोने के बिस्कुट जब्त किए थे, 34 वर्षीय रान्या पर पुलिस एस्कॉर्ट का दुरुपयोग करने का आरोप लगा है, मामले की जांच जारी है।

रामचंद्र राव ने दिया था ये बयान
रामचंद्र राव ने तब कहा था कि 'उनका उनकी बेटी के अपराध स कोई लेना-देना नहीं है, वो खुद इस बात से आहत हैं, उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपनी नौकरी और देश की सेवा की है लेकिन उनकी बेटी ऐसा कुछ करेगी, ये वो कभी भी सोच नहीं सकते थे।'

Ranya Rao आईपीएस रामचंद्र राव की सौतेली बेटी है
आपको बता दें कि रान्या आईपीएस रामचंद्र राव की सौतेली बेटी है। वो उनकी दूसरी पत्नी राहिनी एचपी की दो बेटियों में से एक हैं। उनके मुताबिक रान्या राव शादी के बाद से परिवार से अलग रह रही थी। उसकी शादी 2024 में जतिन हुक्केरी से हुई थी, शादी के बाद से उसका घर आना-जाना बंद था।

कौन हैं के.रामचंद्र राव?
- के. रामचंद्र राव जन्म 7 मई 1966 को आंध्र प्रदेश में हुआ था।
- राव ने एमएससी और पीएचडी पूरी करने के बाद UPSC सिविल सेवा परीक्षा (1993) पास की थी।
- राव, 1994 बैच के कर्नाटक कैडर के IPS अधिकारी हैं।
- वो ADGP (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) और IGP (दक्षिणी रेंज) के पदों पर भी तैनात रह चुके हैं।
- वो कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी रह चुके है।












Click it and Unblock the Notifications