कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए रणदीप गुलेरिया ने दिए 3 सुझाव, बोले- भीड़ पर लगाना है बैन
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संकट गहराता जा रहा है। पहले नाइट कर्फ्यू और फिर वीकेंड कर्फ्यू के लगने के बाद भी नए संक्रमित मरीजों की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है, बल्कि आंकड़ा बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच AIIMS के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने दिल्ली में संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए तीन सुझाव दिए हैं, जिन्हें अपनाया जा सकता है। NDTV से बातचीत में रणदीप गुलेरिया ने जिन 3 सुझावों को बताया है, वो हैं- कंटेनेमेंट जोन बनाना, भीड़ पर पाबंदी लगाना और वैक्सीनेशन को बढ़ाना।

टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट के साथ करना है काम- गुलेरिया
Recommended Video
रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर बहुत ही खतरनाक है, इसलिए इस महामारी से बचने के लिए हमें बहुत जल्द जरूरी और सख्त कदम उठाने होंगे। गुलेरिया ने कहा, "हमें अधिक सतर्क होना चाहिए था। हमें पता था कि दुनिया में वायरस के कई वैरिएंट हैं।" गुलेरिया ने कहा कि हमें अभी 3-4 चीजे जल्दी शुरू करनी होंगी। हमें टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट के साथ सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में कंटेनमेंट जोन को बनाना होगा। साथ ही हमें भीड़ के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाना होगा और तीसरा वैक्सीनेशन को और तेजी से बढ़ाना होगा। रणदीप गुलेरिया ने कहा कि जिस तरह हमने पिछले साल देश को रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में विभाजित किया था, उसी तरह हमें आज भी करना होगा। अस्पतालों में अधिक से अधिक बेड और ऑक्सीजन की सप्लाई बढ़ानी होगी।
आपको बता दें कि देश में कोरोना की दूसरी लहर तबाही मचा रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के नए मामले ढाई लाख को भी पार कर गए हैं। वहीं राजधानी दिल्ली में भी संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर नए मरीजों की संख्या 24 हजार को पार कर गई है।












Click it and Unblock the Notifications