रमन के लाचार कानून व्यवस्था के चलते कांग्रेस ने अपना दिग्गज नेता खो दिया: सोनिया

उन्होंने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब 13 साल पहले छत्तीसगढ़ राज्य बना तो इस राज्य से लोगों को बहुत ज्यादा उम्मीदें थीं, लेकिन भाजपा ने आपकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जरा सोचिए, भाजपा ने आपको पिछले 10 वर्षो में क्या दिया। सोनिया ने कहा कि यहां पिछले 10 वर्षो में गरीबी बढ़ी, शिक्षा, पानी व बिजली की समस्या थमने के बजाय बढ़ने लगी है। उन्होंने कहा कि कोंडागांव की हस्तकला दुनिया में मशहूर है, लेकिन इसके बाद भी इस सरकार ने आपकी हस्तकला को बढ़ावा देने के लिए क्या किया? भाजपा चाहे जितना भी सुशासन का दावा कर ले, लेकिन हकीकत कुछ और ही है।
सोनिया ने जीरम घाटी में नक्सली हमले का जिम्मा सरकार के सिर फोड़ते हुए कहा, "ये कैसी सरकार है, जहां कानून व्यवस्था लाचार है। इसी सरकार के कारण हमने अपने वरिष्ठ नेताओं को खो दिया। प्रदेश में पिछले 10 वर्षो में नक्सली हिंसा में न जाने कितने निर्दोष मारे गए हैं। केंद्र सरकार ने प्रदेश की सरकार को नक्सली हिंसा से निपटने के लिए सहायता दी, लेकिन मैं राज्य सरकार से पूछती हूं कि उसने क्या किया?" कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में बैठी संप्रग सरकार ने गरीबों के हितों को ध्यान में रखते हुए महात्मा गांधी के नाम से रोजगार गारंटी की योजना शुरू की, ताकि कोई गरीब रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करे और वह अपने परिवार से दूर न रहे, लेकिन छत्तीसगढ़ में इसके विपरीत हो रहा है।
देखा जा रहा है कि यहां मजदूर रोजगार के लिए लगातार पलायन कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न् लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लाचार हो गई है, जिसके चलते राज्य की बहनें और माताएं दिन-रात असुरक्षित महसूस कर रही हैं। संप्रग सरकार ने हमेशा गरीबों के हित में कदम उठाया है। सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार नया भूमि अधिग्रहण कानून लेकर आई। इस कानून के जरिए अब गरीब तबके के लोग महसूस कर रहे हैं कि उनका भी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा, "घोषणा पत्र में हमने सिर्फ वही बातें डाली हैं जिन्हें हम पूरा कर सकते हैं।
केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को अलग-अलग योजनाओं के लिए राशि दी है लेकिन यहां तो विकास कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। सोनिया ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आती है तो यहां के नक्सली हिंसा प्रभावित क्षत्रों में बेघर लोगों का पुनर्वास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भोली भाली जनता के साथ छलावा किया जा रहा है। ये जनता तो सिर्फ विकास में भागीदारी के साथ शांति चाहती है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, "हम सभी को आपस में जोड़ने का काम करते हैं तो वहीं भाजपा लड़ाने का काम करती है।
जनता को भी मालूम है कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा बलिदान का इतिहास रहा है। सोनिया ने कहा कि मैं जनता से अपील करती हूं कि झूठे वादों पर भरोसा न करें। भारत निर्माण के इतिहास को याद कर कांग्रेस को वोट दें और विकास के लिए छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाएं। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने भी राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इन्होंने पिछले 10 वर्षो में क्या किया? देश का सबसे बड़ा नक्सली हमला यहां हो गया, तब भी ये हाथ पे हाथ धरे बैठे रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तो सहज ढंग से मान लिया कि सुरक्षा में चूक हुई है, लेकिन क्या सिर्फ मान लेने से हमारे शहीद नेता वापस आ जाएंगे?
वोरा ने कहा कि केंद्र ने 10 वर्षो में छत्तीसगढ़ को विभिन्न योजनाओं के लिए हजार करोड़ रुपये दिए, लेकिन भाजपा की सरकार ने उन पैसों का क्या किया, ये समझ से परे है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष चरण दास महंत ने ने कहा कि भाजपा भष्ट्र लोगों की सरकार है। अब समय आ गया है कि ऐसी सरकार को उखाड़ कर फेंका जाए। जनसभा में कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास व प्रदीप मांझी के साथ अन्य स्थानीय वरिष्ठ नेता मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications