तारीख भी वही, वक्त भी वही... 22 जनवरी को अयोध्या ही नहीं, इस गांव में भी होगी राम-सीता प्राण प्रतिष्ठा
ram mandir inauguration: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भले ही अभी कुछ दिनों का वक्त हो, लेकिन देश का माहौल अभी से राममय नजर आ रहा है। इस कड़ी में अब ओडिशा भी जुड़ गया है।
22 जनवरी को जब अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी, तो ठीक उसी दिन ओडिशा के गजपति जिले के एक गांव के लोग स्थानीय मंदिर में भगवान राम और सीता की मूर्तियां स्थापित करेंगे।

ओडिशा के इस गांव का नाम है रामगिरी, जहां 22 जनवरी के दिन और अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के समय पर ही, गांव में बने जगन्नाथ मंदिर में स्थानीय लोग राम-सीता की मूर्तियों की स्थापना कर, पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में स्थापित होने वाली इन मूर्तियों को मूर्तिकार बिनायक बड़ा नायक तैयार कर रहे हैं और सबसे बड़ी बात कि इस काम के लिए उन्होंने गांववालों से कोई पैसे नहीं लिए हैं।
अयोध्या में भूमि पूजन के साथ ही शुरू हो गया था मूर्तियों का काम
बताया जा रहा है कि मूर्तियों का काम अपने अंतिम चरण में है और 18 जनवरी तक राम-जानकी की ये मूर्तियां, मंदिर में स्थापना के लिए तैयार हो जाएंगी। इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बिनायक बड़ा नायक ने बताया, 'जिस दिन अयोध्या में भूमि पूजन हुआ था, हमने भी मूर्तियां बनाने का काम उसी दिन शुरू कर दिया था। मूर्तियों की स्थापना के साथ ही मंदिर को भी पेंट किया जाएगा। कल तक मूर्तियां बनकर तैयार हो जाएंगी और 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के समय पर ही हम यहां जगन्नाथ मंदिर में इन मूर्तियों की स्थापना करेंगे।
समारोह में 12 पंचायतों से जुटेंगे हजारों लोग
वहीं, जनन्नाथ मंदिर की प्रबंध कमेटी के सदस्य मृत्युंजय महारथी ने कहा, 'मूर्ति स्थापना के साथ ही उस दिन संकीर्तन, यज्ञ, प्रसाद वितरण और परिक्रमा की व्यवस्था की गई है। हमारी बस एक ही कामना है कि हमारे गांव और पूरे देश पर भगवान राम की कृपा बनी रहे। हमें उम्मीद है कि 22 जनवरी को 12 पंचायतों से हजारों की संख्या में भक्त इस आयोजन में शामिल होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications