राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' में शामिल नहीं होगी 'INDIA' गठबंधन की ये पार्टी, सामने आकर किया मना
Ram Mandir pran pratishtha date: अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं और 22 जनवरी 2024 को महज 84 सेकंड के शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा कर लिया जाएगा।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए देश की जानी-मानी हस्तियों, मंत्रियों और विपक्ष के नेताओं को भी निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। लेकिन, इस बीच विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में शामिल एक पार्टी ने साफ तौर पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने से इंकार कर दिया है।

मंगलवार को सीपीआई (एम) की नेता बृंदा करात ने इस बारे में बयान जारी करते हुए कहा, 'हमारी पार्टी अयोध्या में होने जा रहे राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा नहीं बनेगी। इसके पीछे हमारी एक बुनियादी समझ है। हम धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन ये लोग एक धार्मिक अनुष्ठान को राजनीति से जोड़ रहे हैं। ये सीधे-सीधे एक धार्मिक कार्यक्रम का राजनीतिकरण है और हम इसे सही नहीं मानते हैं।'
'होई है वही, जो राम रचि राखा'
वहीं, बृंदा करात के इस बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने भी तंज कसा है। मीनाक्षी लेखी से जब बृंदा करात के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा, 'मुझे रामचरितमानस की एक चौपाई की पंक्ति याद आ रही है कि होई है वही, जो राम रचि राखा...तो न्यौता सबको गया है, लेकिन पहुंचेंगे वही, जिनको राम चाहेंगे।'
राम मंदिर के तैयार हो रही हैं तीन मूर्तियां
आपको बता दें कि अयोध्या में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम लला की तीन मूर्तियां बनाई जा रही हैं, जिनमें से 'सर्वश्रेष्ठ' मूर्ति को गर्भगृह में रखा जाएगा। राम लला की ये तीन मूर्तियां गणेश भट्ट, अरुण योगीराज और सत्यनारायण पांडे तैयार कर रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट ने इस बारे में बताया कि तीन मूर्तियों में से एक को गर्भगृह में रखा जाएगा, जबकि अन्य दो राम मंदिर के दूसरे हिस्सों में स्थापित होंगी।












Click it and Unblock the Notifications