Rajya Sabha Election: बीजेपी यहां निर्विरोध जीतेगी चुनाव, इलेक्शन लड़े बिना बन गई थी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
Rajya Sabha Election 2024: सिक्किम की एकमात्र राज्यसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार डीटी लेप्चा का निर्विरोध जीत तय हो गया है। मंगलवार को विधानसभा अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यहां से किसी और उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
लेप्चा सिक्किम के पाक्योंग जिले की ग्नथांग माचोंग विधानसभा सीट से पार्टी के एमएलए हैं। हालांकि, अगर उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार पर्चा भरता भी तो इनकी जीत पक्की थी। क्योंकि, सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) का भी उन्हें समर्थन हासिल है।

सिक्किम के 32 में से 31 विधायक बीजेपी गठबंधन में
सिक्किम विधानसभा में कुल 32 सीटें हैं, जिनमें से बीजेपी और एसकेएम के विधायकों की कुल संख्या 31 है। सिक्किम विधानसभा सचिवालय के मुताबिक राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करने का समय मंगलवार दिन में 3 बजे खत्म हो गया और रिटर्निंग ऑफिसर को सिर्फ लेप्चा का ही पर्चा प्राप्त हुआ है।
सिक्किम के सीएम तमांग और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थापा थे मौजूद
विधानसभा सचिवालय के मुताबिक बुधवार को उनके नामांकन पत्र की जांच की जाएगी। विधानसभा में लेप्चा के नामांकन दाखिल करते वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा भी मौजूद थे।
पिछली एसडीएफ सरकार में मंत्री थे बीजेपी उम्मीदवार
भाजपा प्रत्याशी डीटी लेप्चा पिछली सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) सरकार में मंत्री थे और उनके पास भवन और आवास के अलावा परिवहन जैसे विभागों की भी जिम्मेदारी थी।
सिक्किम में अब बीजेपी के 12 विधायक हैं
सिक्किम विधानसभा का चुनाव भी इसी साल होना है। अभी 32 सदस्यीय विधानसभा में एसकेएम के 19, बीजेपी के 12 और एसडीएफ का एक एमएलए है।
2019 में एक भी सीट नहीं जीती थी बीजेपी, रातों-रात बनी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
2019 के सिक्किम विधानसभा चुनाव के बाद एसकेएम सत्ता में आई थी और बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिली थी। बाद में लेप्चा ही एसडीएफ के अन्य 9 एमएलए के साथ बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिसकी वजह से पार्टी रातों-रात विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
बाद में विधानसभा उपचुनावों में भी बीजेपी को दो सीटें मिलीं और उसके विधायकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। माना जा रहा है कि लेप्चा को राज्यसभा में भेजना बीजेपी की ओर से उनके उसी मदद का तोहफा है।
23 फरवरी को खत्म हो रहा है एसडीएफ सांसद का कार्यकाल
अभी सिक्किम से विपक्षी एसडीएफ के हिशे लाचुंगपा राज्यसभा सांसद हैं। उनका यह दूसरा कार्यकाल है, जो 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। इस राज्यसभा सीट के लिए वैसे पहले से 19 जनवरी को मतदान की तारीख निर्धारित है।
पूर्वोत्तर भारत के असम समेत 8 राज्यों में से अभी मेघालय को छोड़कर सभी राज्यों में या तो बीजेपी की सरकार है या फिर वह सरकार में सहयोगी के तौर पर शामिल है। लेकिन, सिक्किम का मामला ज्यादा दिलचस्प है, जहां बीजेपी बिना चुनाव लड़े ही विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है और सत्तापक्ष के साथ है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications