Rajya Sabha Bypolls: बीजेपी ने कहां लगाया दलबदलुओं पर दांव, 9 उम्मीदवारों की लिस्ट क्या कहती है?
Rajya Sabha Bypoll 2024: बीजेपी ने राज्यसभा की 12 सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें पार्टी की मजबूरी भी दिख रही है और राजनीतिक सूझबूझ की भी झलक मिल रही है।
भाजपा के 9 उम्मीदवारों की लिस्ट में चार नाम ऐसे हैं, जो पिछले कुछ समय या महीनों में ही दूसरे दलों से पार्टी में शामिल हुए हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिटू, किरण चौधरी, ममता मोहंता और धैर्यशील पाटिल शामिल हैं।

राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू को टिकट
राज्यसभा की 12 सीटों के लिए 3 सितंबर को उपचुनाव होने हैं। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को टिकट दिया है। 48 वर्षीय बिट्टू लोकसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस से बीजेपी में आए थे। उन्होंने पंजाब के लुधियाना से पार्टी टिकट पर चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे। फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी मंत्रिपरिषद में जगह दी है।
हरियाणा में जाट नेता की सीट पर जाट उम्मीदवार वाला दांव
बीजेपी की इस लिस्ट में हरियाणा से किरण चौधरी का भी नाम है, जो कुछ समय पहले ही कांग्रेस छोड़कर आई हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और जाट मतदाताओं को संदेश देने के लिए पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल की बहू और प्रदेश की कद्दावर कांग्रेसी नेता रहीं चौधरी को टिकट दिया है।
खास बात ये है कि हरियाणा राज्यसभा की जिस सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है, वह कांग्रेस के कद्दावर जाट नेता दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे की वजह से खाली हुई है।
महाराष्ट्र में भी दूसरे दल से आने नेता को दिया मौका
महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पार्टी ने यहां से धैर्यशील पाटिल को उम्मीदवार बनाया है। वह दूसरे दलों से भाजपा में आकर राज्यसभा का टिकट पाने वाले सबसे पुराने दलबदलु चेहरे हैं। वे पिछले साल शेतकारी कामगार पक्ष से भाजपा में शामिल हुए थे। 2019 में वे भाजपा उम्मीदवार से पेन विधानसभा सीट से चुनाव हार भी चुके हैं।
ओडिशा में जिसकी सीट उसी की वापसी!
पार्टी ने ओडिशा से ममता मोहंता पर दांव लगाया है, जो सीट उन्हीं के इस्तीफे की वजह से खाली हुई है। वह इसी महीने ही बीजेडी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। बीजेपी ने वहां लोकसभा चुनावों के साथ हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर सरकार बनाई है, इसलिए इनका फिर से राज्यसभा में पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं है।
केरल में पार्टी के भरोसेमंद चेहरे जॉर्ज कुरियन को एमपी में किया एडजस्ट
बीजेपी ने मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे से खाली हुई सीट से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन को उम्मीदवार बनाया है। ये भाजपा की स्थापना के समय से ही पार्टी से जुड़े हैं। केरल में पार्टी का जो संगठन खड़ा हुआ है, इसमें इस ईसाई नेता का बड़ा योगदान माना जाता है। शायद यही वजह है कि लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी पीएम मोदी ने उन्हें सरकार में जगह दी और अब राज्यसभा में लाकर उनका मंत्री पद सुरक्षित करना चाहते हैं।
असम-त्रिपुरा में भी पार्टी ने किया भरोसेमंद चेहरों पर विश्वास
असम की दो सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। यहां पार्टी ने मिशन रंजन दास और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली की उम्मीदवारी पर यकीन किया है। चार बार एमएलए रह चुके दास आरएसएस बैकग्राउंड से हैं। तेली डिब्रूगढ़ से सांसद थे, लेकिन इस बार उनकी जगह वहां से पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल को मौका दिया गया था। इसकी वजह से उनकी सांसदी लौटाने की कोशिश की जा रही है।
बिहार से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील को मौका
इसी तरह से त्रिपुरा से पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य को उतारा है। यह भी संघ से जुड़े रहे हैं। वहीं बिहार से पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के वकील मनन कुमार को मौका दिया है। वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट भी रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications