'आप बहुत याद आयेंगे राजू भाई', Raju Srivastav के निधन पर टूटा लोगों का दिल, किसने क्या कहा ?
नई दिल्ली, 21 सितंबर: कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का 58 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। उनके परिवार ने इसकी पुष्टि की है। सीने में दर्द और जिम में वर्कआउट के दौरान गिरने के बाद उन्हें 10 अगस्त को दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था। राजू श्रीवास्तव के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही हैं।

राजू श्रीवास्तव अनगिनत लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ हमारे जीवन को रोशन किया। वे हमको बहुत जल्दी छोड़कर चले गए लेकिन वे वर्षों तक अपने समृद्ध काम की बदौलत अनगिनत लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं हैं।''

वे एक बेहद ज़िंदादिल इंसान भी थे: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ''सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार, राजू श्रीवास्तव जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। वे एक मंझे हुए कलाकार होने के साथ-साथ एक बेहद ज़िंदादिल इंसान भी थे। सामाजिक क्षेत्र में भी वे काफ़ी सक्रिय रहते थे। उनके शोकाकुल परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।ॐ शान्ति!''

राजू श्रीवास्तव का निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है: अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ''सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का एक विशिष्ट अंदाज था, उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति शांति''

राजू श्रीवास्तव का जाना बहुत बड़ी क्षति है: रवि किशन
BJP सांसद और एक्टर @ravikishann ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा ये बहुत बड़ी क्षति है। ये सिनेमा जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हम एक-दूसरे को 30 वर्षों से जानते थे। उनका पूरी दुनिया में नाम था। कॉमेडी के जगत में उन्होंने बहुत योगदान दिया था।












Click it and Unblock the Notifications