लखनऊ वालों के लिए आने वाले हैं अच्छे दिन, राजनाथ की सिफारिश पर बनेगा दूसरा टर्मिनल स्टेशन

राजनाथ ने इसके अलावा रकाबगंज खंड में दूसरी लाइन पटरी बनाने का छूटा हुआ कार्य तत्काल पूरा कराने, चारबाग स्थित उत्तर रेलवे और उत्तर पूर्व रेलवे स्टेशनों को जोड़ने वाली सब-वे का एप्रोच-एरिया तुरंत विकसित करके चालू कराने, गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट (ईएमयू) के लिए मेंटिनेंस शेड शीघ्र स्थापित किए जाने तथा ऐशबाग स्टेशन पर 500 मीटर लंबा 'मिसिंग लिंक' तुरंत बनवाने की अपील की है, जिससे कानपुर से आने वाली ईएमयू ट्रेनें सीधे गोमती नगर स्टेशन जा सकें।
सांसद राजनाथ ने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सेकेंड रेलवे टर्मिनल स्टेशन की आधारशिला रखी थी। इसके प्रथम चरण के लिए 96 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हुए थे और कुछ खर्च किए जाने के बाद कार्य बंद हो गया था। उन्होंने रेल मंत्री से अपील की है कि अब यह कार्य फिर शुरू कर तीन माह में पूरा करा दिया जाए और यहां से दिल्ली, कटरा और मुंबई के लिए चारबाग होते हुए ट्रेनें चलवा दी जाएं। इससे गोमतीपार क्षेत्र के लोगों को चारबाग नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि दिल्ली, मुंबई, कलकत्ता, पटना और भोपाल में इस प्रकार के सेड रेल टर्मिनस बनाए गए हैं। राजनाथ ने पत्र में यह भी लिखा है कि कानपुर से आने वाली ईएमयू को चौक, डालीगंज और लखनऊ सिटी एरिया में डेली पैसेंजर उतारने के लिए पहले ऐशबाग से पूर्वोत्तर रेलवे स्टेशन चारबाग जाना होता है, जिससे समय नष्ट होता है। इसके लिए 500 मीटर का मिसिंग रेल लिंक बनना जो वर्ष 2002 में स्वीकृत हुआ था, आज भी अधूरा पड़ा है। इसे शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि कानपुर से आने वाली ईएमयू बिना समय गंवाए सीधे गोमती नगर स्टेशन पर पहुंचे। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications