'ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, कोई भी हमला अब पाकिस्तान को महंगा पड़ेगा', राजनाथ सिंह की चेतावनी
Rajnath Singh News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार 21 जून योग दिवस के दिन पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भारत की जमीन पर कोई भी आतंकी हमला हुआ, तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जाने को तैयार है।"
राजनाथ सिंह ने यह बयान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सेना की उत्तरी कमान के जवानों के साथ योग सत्र में शामिल होने के बाद दिया। इस दौरान थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी उनके साथ मौजूद थे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दो टूक कहा, "अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकवाद को भारत के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश की, तो जवाब इतना कड़ा होगा कि वह संभाल नहीं पाएगा। अब कोई भी हमला पाकिस्तान को महंगा पड़ेगा।''

'2016 सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 एयरस्ट्राइक का अगला अध्याय'
राजनाथ सिंह ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक जवाबी कार्रवाई नहीं था, बल्कि यह भारत की उस नीति का अगला कदम था जो 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक से शुरू हुई थी।" उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन से हमने पाकिस्तान को साफ संदेश दिया कि उसकी 'हजार जख्म देने की नीति' भारत पर अब नहीं चलेगी।
क्या है 'ऑपरेशन सिंदूर'?
ऑपरेशन सिंदूर 6 और 7 मई की रात को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पीओके (पाक-अधिकृत कश्मीर) में आतंकी ढांचों पर की गई सटीक कार्रवाई थी। ये ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे।
राजनाथ सिंह बोले- हमने और टारगेट भी उड़ा सकते थे, लेकिन योग ने हमें संयम सिखाया
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने खुलासा किया कि भारतीय सेना के पास और भी ठिकानों को तबाह करने की क्षमता और मौका था लेकिन भारत ने संयम बरता। इसका क्रेडिट उन्होंने योग को देते हुए कहा, ''योग हमें गुस्सा पर नियंत्रण सिखाता है, मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है। इसी आत्मसंयम की वजह से हमने सीमा पर लक्षित हमले किए।''
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि पहलगाम हमला केवल एक आतंकी घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे भारत की सामाजिक और सांप्रदायिक एकता को तोड़ने की साजिश थी। उन्होंने कहा, "हमने न सिर्फ पाकिस्तान की साजिश को नाकाम किया, बल्कि ऐसे कदम उठाए कि पाकिस्तान को झुकना पड़ा।"
राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को केवल एक सैन्य प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि सीमा पार बैठे आतंकियों और उन्हें शरण देने वालों के लिए चेतावनी करार दिया। उन्होंने कहा, ''अगर भारत की एकता और अखंडता पर हमला किया गया, तो जवाब बहुत करारा होगा।''
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों का जीवन साहस, सेवा और त्याग से भरा होता है, और देश उनकी इस अमूल्य सेवा के लिए सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने इस दौरान भारतीय सेनाओं को सलाम करते हुए कहा, "आपका बलिदान ही भारत की ताकत है।"












Click it and Unblock the Notifications