'झूठ पकड़ा गया, अब अगला राउंड कोर्ट में', रजत शर्मा ने रागिनी का किया पर्दाफाश, तो पुलिस के पास पहुंचीं नेता
Rajat Sharma Ragini Nayak Row: कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक और देश के वरिष्ठ पत्रकार और एंकर रजत शर्मा का एक लाइव टीवी डिबेट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि रजत शर्मा ने टीवी डिबेट के दौरान रागिनी नायक को अपशब्द कहे हैं। ये विवाद पिछले एक हफ्ते से ट्रेंड कर रहा है। अब इस मामले में नया मोड़ आया है।
अब कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में रागिनी नायक ने 4 जून को चैनल पर लाइव चर्चा के दौरान उनके खिलाफ ''अपमानजनक भाषा'' का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

वहीं दूसरी ओर रजत शर्मा ने अपने ट्विटर पर रागिनी नायक के खिलाफ एक वीडियो शेयर कर कहा है कि वह अब इस मामले में कोर्ट पर मिलेंगे। रजत शर्मा ने लिखा, ''झूठ पकड़ा गया...अगला राउंड कोर्ट में।'' आइए जानें इस मामले का हर अपडेट।
रजत शर्मा ने कहा- 'झूठ पकड़ा गया, अब अगला राउंड कोर्ट में'
रजत शर्मा ने रागिनी नायक को लेकर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ''झूठ पकड़ा गया, अब अगला राउंड कोर्ट में होगा।'' बता दें कि इंडिया टीवी इस मामले पर रागिनी नायक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है।
रजत शर्मा ने वीडियो में कहा,
''मैं पिछले 44 सालों से पत्रकारिता कर रहा हूं...।लेकिन बड़े दुख के साथ मैं आपको एक साजिश के बारे में बताने जा रहा हूं। ये बताते हुए मेरा मन बहुत भारी हो रहा है। 31 सालों से आपने मुझे टीवी पर देखा होा। सब जानते हैं कि मैंने कभी किसी का अपमान नहीं किया और ना ही किसी को गाली दी है। आज तक मैंने कभी किसी से ऊंची आवाज में बात नहीं की। मुश्किल से मुश्किल से सवाल को भी हंस कर पूछा है। हमेशा अपनी बात शालिनता से कही है। इसलिए मुझे आपसे इतना प्यार मिला है। लेकिन जब मुझे पता चला कि कांग्रेस की मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर एक झूठा कैंपेन चलाया तो कि मैंने काउंटिंग वाले दिन एक लाइव शो के दौरान गाली दी। ये सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैंने अपने जीवन में आज तक किसी को गाली नहीं दी है।''
रागिनी नायक ने पुलिस शिकायत में क्या कहा है?
पुलिस शिकायत में रागिनी नायक ने कहा है कि, कथित तौर पर 4 जून को सुबह 11 बजे लाइव शो के दौरान रजत शर्मा ने गाली दी थी। नई दिल्ली के तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में दर्ज अपनी शिकायत में रागिनी नायक ने कहा कि, 'रजत शर्मा का ने जो किया है, ये उनकी गरिमा का अपमान है। रजत शर्मा को ये लगता है कि वह इसलिए बच सकते हैं क्योंकि उन्हें सत्ता प्रतिष्ठान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद मिला हुआ है।'
रागिनी नायक ने कहा, 'मेरे माता-पिता, मेरे ससुराल वाले, मेरे बच्चे, हर कोई उस वीडियो को देख रहा था। लाखों-करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देखा कि आपने मुझे ऑन एयर कैसे गाली दी। सिर्फ इसलिए कि मैं अपनी पार्टी के लिए ईमानदारी से काम कर रही थी। आपने न सिर्फ मुझे गाली दी, बल्कि मुझे प्रेस कॉन्फ्रेंस न करने की धमकी भी दी है।'
पुलिस शिकायत में रागिनी नायक ने यह भी कहा है कि, ''हमारी चर्चा के दौरान, मैंने एग्जिट पोल के नतीजों के बारे में बात की, जिन्हें पूरे देश में व्यापक रूप से प्रसारित किया गया था और कैसे वे चुनाव के नतीजों से अलग हैं। अपने बयान के दौरान, मैंने कांग्रेस की सीटों के बारे में रजत शर्मा की टिप्पणी का खंडन किया कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। और मैंने उन्हें ये बताया कि एक पत्रकार के तौर पर उनका क्या कर्तव्य है। मैंने उन्हें ये बताने की कोशिश की थी कि कैसे एग्जिट पोल के नतीजे गलत हैं।''
रागिनी नायक ने आगे कहा कि, "मेरी टिप्पणी सुनने के बाद रजत शर्मा डिफेंसिव मोड में चले गए और वो नाराज दिखने लगे। जिसके बाद गुस्से में उन्होंने खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। घटना की एक क्लिप मेरे आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर मौजूद है। आप देख सकते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications