राजस्थान: राहुल गांधी की कल होने वाली रैली को प्रशासन की अनुमति मिली
भरतपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की राजस्थान के भरतपुर में मंगलवार (9 अक्टूबर) को प्रस्तावित रैली को प्रशासन की इजाजत आखिरकार मिल गई है। एसडीएम जगदीश आर्य ने कांग्रेस से जिस मैदान में रैली है, उसके मालिक से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लाने की बात कहते हुए परमिशन नहीं दी थी। एसडीएम ने बयाना के पास स्थित रैली ग्राउंड के मालिक से एनओसी लेकर आने को कहा था। हालांकि सोमवार देर शाम कर एसडीएम से कांग्रेस नेताओं को रैली की इजाजत मिल गई।

इस साल दिसंबर में राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर है। ऐसे में चुनावों के लिए कोई भी पार्टी कसर नहीं छोड़ना चाहती। भाजपा की ओर से नरेंद्र मोदी रैलियों की शुरुआत कर चुके हैं तो कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
राजस्थान में अभी वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है जबकि कांग्रेस विपक्ष में है। 2013 में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की थी। आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की ओर से सीएम वसुंधरा राजे चेहरा हैं, वहीं कांग्रेस की चुनाव की कमान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और युवा नेता सचिन पायलट संभाल रहे हैं।
राजस्थान में 200 सीटों के चुनाव के लिए 7 दिसंबर को होगा। इनमें 142 सीटें सामान्य के लिए 33 सीटें अनुसूचित जाति के लिए और 25 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में इस समय सत्तारूढ़ भाजपा के पास 163 और कांग्रेस तथा अन्य के पास 37 सीटें हैं।
राजस्थान के साथ-साथ मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने शनिवार को तारीखों का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में और बाकी चारों राज्यों में एक-एक चरण में मतदान होगा। सभी राज्यों में वोटों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications