पायलट पर गहलोत का हमला, बोले- अच्छी अंग्रेजी बोलने और स्मार्ट दिखने से नहीं होता कुछ, कमिटमेंट मायने रखता है
जयपुर। राजस्थान में राजनीतिक संकट अभी थमा नहीं है। अब गेंद सचिन पायलट के पाले में है। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद पायलट अब अपने अगले कदम का ऐलान कर सकते हैं। उनके बीजेपी में भी जाने की अटकलें हैं लेकिन फिलहाल पायलट ने ऐसी अटकलों को नकार दिया है। इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तल्ख तेवर अपनाते हुए सचिन पायलट पर हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि राजनीति में लड़ाई विचारधारा की लड़ाई होती है। लेकिन विपक्ष के साथ मिलकर हॉर्स ट्रेडिंग की जा रही थी।

रात को 2 बजे लोगों को रवाना किया जा रहा था। हमारे पीसीसी चीफ खुद ही डील कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि सोने की छुरी पेट में खाने के लिए नहीं होती। गहलोत ने साफ शब्दों में कहा कि केवल अच्छी अंग्रेजी बोलना, अच्छे बयान देना और स्मार्ट दिखने से कुछ नहीं होता, आपके दिल में क्या है देश के लिए, आपका कमिटमेंट क्या है, ये सब देखा जाता है। अशोक गहलोत ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ''नई पीढ़ी जो आई है, हम उनको प्यार करते हैं। आने वाला कल उनका है। हमारी जो 40 साल पुरानी लीडरशिप है, उसकी रगड़ाई हुई थी। हम आज भी जिंदा हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत सब नई पीढ़ी को पसंद करते हैं। इनकी रगड़ाई नहीं हुई थी, केंद्रीय में मंत्री बन गए, अगर रगड़ाई हुई होती तो और अच्छा काम करते।''
दिग्विजय सिंह ने भी बोला पायलट पर हमला
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसी हालत सचिन_पायलट जी की है। सचिन को 26-27साल की उम्र में MP बना दिया। राजस्थान का डिप्टी CM बना दिया। अभी उनकी उम्र ही क्या है 37-38 साल है, थोड़ा धैर्य रखो। कितने ऐसे लोग हैं जो इतनी जल्दी राजनीतिक पायदान पर ऊपर चढ़ते हैं। दिग्विजय ने आगे कहा कि जिस तरह का व्यवहार उन्होंने (सचिन पायलट) किया वो कांग्रेस पार्टी की नीतियों के खिलाफ है। इन नौजवानों को सब्र नहीं है, राजनीति में सब्र होना चाहिए। सब्र से ही इंसान आगे बढ़ता है।












Click it and Unblock the Notifications