राजस्थान में मुस्लिम शख्स की हत्या कर जलाने पर डीजीपी ने कहा- यकीन नहीं आता कोई इंसान ऐसा कर सकता है
राजसमंद। राजस्थान के राजसमंद में पश्चिम बंगाल से काम करने आए एक मुस्लिम मजदूर की निर्ममता से हत्या करने, उसे जलाने और घटना का वीडियो बनाए जाने के मामले में डीजीपी ने बताया है कि केस दर्ज कर लिया गया है। डीजीपी ओपी गल्होत्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में और भी धाराएं जांच के साथ जोड़ी जाएंगी। डीजीपी ने कहा कि यह जघन्य अपराध है, यकीन नहीं होता कि एक इंसान इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकता है।
Recommended Video


बताया जा रहा है कि 'लव जिहाद' का बदला लेने और अल्पसंख्यक समुदाय को सबक सिखाने के लिए ये हत्या की गई है। इस हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में शख्स पर कुल्हाड़ी और तलवार से वार किए जा रहे हैं। इसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार शरीर पश्चिम बंगाल के मालदा के रहने वाले 48 वर्षीय मोहम्मद अफराजुल का है। वीडियो में हमलावर की पहचान राजसमंद के शम्भूलाल रिगार के रूप में की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजसमंद पुलिस स्टेशन के एसएचओ रामसर मीना ने कहा, 'राजसमंद के पास बुधवार को लगभग 1 बजे एक अधजला शरीर मिला था। मृतक की पहचान मोहम्मद अफराजुल के रूप में हुई थी। बाद में, हत्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया'। वीडियो में संदिग्ध अफराजुल पर पहले कुदाल से वार करता हुआ दिख रहा है। इसके बाद वो तलवार से उसका गला रेतकर उसे आग के हवाले कर देता है।

पुलिस अधीक्षक राजसमंद मनोज कुमार ने कहा कि संदिग्ध की पहचान वीडियो से की गई है। उन्होंने कहा, 'वीडियो में हमलावर की पहचान की राजसमंद के निवासी शंभुलाल रिगार के रूप में हुई है। पुलिस ने ये भी कहा कि कई वीडियो में संदिग्ध को भड़काऊ और सांप्रदायिक बयान देते भी देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications