राजस्थान: किसान इंतजार करते रह गए, सरकार ने मंत्री के भाई-बहन समेत रिश्तेदारों से खरीद ली फसल
नई दिल्ली। राजस्थान सरकार में एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें राज्य के किसानों का हक छीनकर मंत्री ने अपने भाई व रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाया है। सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत फसल खरीदने के लिए राज्य में पहली बार डिजिटल व्यवस्था की थी, यानि ऑनलाइन के जरिए किसानों से फसल खरीदी जानी थी और इसके लिए एक पूरा क्रम तैयार किया गया, जिसकी जमकर धज्जियां उड़ाई गई है। इस 'डिजिटल' घोटाले में राजस्थान में सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक के करीबियों को फायदा पहुंचाया गया है। आरटीआई (सूचना का अधिकार) से पता चला है कि यह पूरा खेल 15 दिन तक चलता रहा, जिसमें हर रोज किलक ने अपने एक नजदीकी को फायदा पहुंचाया।

मंत्री के गांव से 15 दिन में 11 रिश्तेदारों को पहुंचाया गया फायदा
16 नवंबर से 30 नवंबर तक चले इस डिजिटल खेल में मंत्री किलक के गांव डेगाना जिले के पास पुंदलोता से रोजाना एक सदस्य की फसल खरीदी गई है। छुट्टी के दिन, शनिवार और रविवार को छोड़कर बाकि सभी वर्किंग डे के दौरान मंत्री के पुंदलोता गांव से 9 और जयपुर से 2 सदस्यों से फसल खरीदी गई है। जबकि नियम के अनुसार, जिसका आवेदन पहले आना था, उसकी फसल को ही पहले खरीदी जानी थी।
लिस्ट में भाई-बहन का भी नाम
आरटीआई में पुंदलोता गांव के अलावा जिन दो अन्य शख्स का नाम सामने आया है, उनमें से एक मंत्री के भाई विशाल किलक और बहन मीरा पंडेल का नाम शामिल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अन्य सभी लोग मंत्री किलक के करीबी माने जाते हैं।
सभी के मोबाइल नंबर मंत्री किलक से मिलते-जुलते
हिंदी अखबार राजस्थान पत्रिका के मुताबिक, मंत्री किलक के नंबर और जिन्हें फायद पहुंचाया गया, उनके मोबाइल नंबर की सीरीज आखिरी के तीन डिजिट छोड़कर एक जैसे है। इस पूरे मामले में मंत्री अजय सिंह किलक पल्ला झाड़ते हुए कह रहे हैं कि मैंने किसी को वरियता देने को नहीं कहा था।
ये है वो 11 शख्स जिन्हें फायदा पहुंचाया गया
आरटीआई के जरिए जिन लोगों का नाम आया है वो है- गोदावरी पुंदलोता डेगाना, छोटूराम पुंदलोता डेगाना, दुलाराम पुंदलोता डेगाना, राजूड़ी पुंदलोता डेगाना, सत्यनारायण पुंदलोता डेगाना, जेठी बाई पुंदलोता डेगाना, आईदान राम पुंदलोता, गीता देवी पुंदलोता डेगाना, विशाल किलक पुंदलोता डेगाना, मीरा पंडेल जयपुर, वीना सिंह जयपुर।












Click it and Unblock the Notifications