कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, जयपुर में बनेगा पहला प्लाज्मा बैंक
कोरोना वायरस से संक्रमित गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है।
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का प्रकोप फिलहाल कम होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 13 लाख के पार पहुंच गए। राजस्थान में भी संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान सरकार ने अब जयपुर में राज्य का पहला प्लाज्मा बैंक बनाने का फैसला लिया है। कोरोना वायरस से संक्रमित गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है।

लोगों से की प्लाज्मा डोनेट करने की अपील
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि प्लाज्मा बैंक जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने अपील की, कि जो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ठीक हो चुके है, वो प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे आएं। आपको बता दें कि शुक्रवार को राजस्थान में कोरोना वायरस के कुल 958 केस सामने आए थे, जबकि 8 लोगों की मौत हुई थी। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद किरोणी लाल मीणा भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए।

राज्य में कोरोना के केस बढ़कर 34,735 हुए
शनिवार को राजस्थान में सुबह साढ़े 10 बजे तक ही कोरोना वायरस के 557 नए केस सामने आए। इन नए मामलों के साथ राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 34,735 हो गई है। हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में मरीज ठीक भी हो चुके हैं और फिलहाल एक्टिव केस 9,470 हैं। राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 608 हैं।

देश में मिले 48916 नए मामले
वहीं, देश के अलग-अलग राज्यो में शनिवार को कोरोना वायरस के कुल 48916 नए मामले सामने आए। कोरोना वायरस के कुल मरीजों की संख्या अब देश में बढ़कर 13,36,861 हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के कारण 757 लोगों की मौत भी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि अभी तक कोरोना वायरस के 8,49,431 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसके बाद एक्टिव केस 4,56,071 हैं। देश में कोरोना वायसस से अभी तक 31,358 लोगों की जान जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications