सचिन पायलट के सीएम रेस में पिछड़ने की खबरों पर समर्थकों ने जाम की सड़क
जयपुर। सचिन पायलट को राजस्थान का सीएम बनाने के लिए उनके कथित समर्थकों ने करौली रास्ता जाम कर दिया है। कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बनाने के लिए करौली जिले में समर्थकों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर सचिन पायलट के पक्ष में नारेबाजी की है। वहीं सचिन पायलट के घर पर भी बड़ी तादाद में उनके समर्थक जमा हैं और सचिन पायलट को सीएम बनाए जाने के पक्ष में नारेबाजी कर रहे हैं।

राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने हंगामे की खबरों के बीच समर्थकों से अमन कायम रखने की अपील की है। सचिन ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता शान्त रहें और पार्टी के लीडर पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर उनका पूरा भरोसा है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी जो भी फैसला करेंगे, हम सबको वो मंजूर रहेगा।
राजस्थान के सीएम पद को लेकर दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। गुरुवार को अशोक गहलोत के नाम के आगे चलने की खबरें आईं तो सचिन के समर्थक सड़कों पर उतर आए। अशोक गहलोत और सचिन पायलट दिल्ली में ही मौजूद हैं। विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद पर फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया गया था, जिसके बाद गुरुवार सुबह से ही राहुल के घर बैठकों का दौर जारी है।
राजस्थान की 200 में से 199 सीटों पर हुए इलेक्शन में कांग्रेस को 99 और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को एक सीट मिली है। वहीं भाजपा को 73, बसपा को 6, सीपीआई(एम) को 2 और अन्य को 18 सीटों पर जीत मिली है। सहयोगियों की मदद से बहुमत के आंकड़े को छूने के बाद भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया है।












Click it and Unblock the Notifications