'मंदिर खाली करो वरना, कन्हैयालाल की तरह मारेंगे...', राजस्थान के भरतपुर में पुजारी को मिली धमकी
'मंदिर खाली करो वरना, कन्हैयालाल की तरह मारेंगे...', राजस्थान के भरतपुर में पुजारी को मिली धमकी
जयपुर, 15 जुलाई: राजस्थान के भरतपुर में एमएसजे कॉलेज परिसर में बने मंदिर के पुजारी को जान से मारने की धमकी मिली है। पुजारी को कहा गया है कि 10 दिनों के भीतर अगर उसने मंदिर खाली नहीं किया तो उसका भी हाल उदयपुर में कन्हैयालाल जैसा किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक कॉलेज परिसर के अंदर स्थित हनुमानजी मंदिर के पुजारी को जान से मारने की धमकी मिली है। मंदिर के दीवार पर हाथ से लिखी चिट्टी चिपकाई हुई थी, जिसपर लिखा है कि ''अगर 10 दिनों के भीतर मंदिर को खाली नहीं किया तो, कन्हैयालाल की तरह मारेंगे।''

'तेरे लिए 10 दिन का टाइम है नहीं तो तेरी मृत्यु निश्चित है'
हाथ से लिखी चिट्ठी में लिखा है, ''पंडित या तो तू मंदिर छोड़ दे, नहीं तो तेरा सिर काट देंगे। तेरे घरवालों को तेरा सिर भी नहीं मिलेगा। तू समझता है कि तेरे बहुत सारे हिमाती हैं, लेकिन वे कुछ नहीं कर पाएंगे। तेरा मरना निश्चित है। तेरा बाप, तेरी पत्नी, जब तेरे धड़ के पास बैठकर रोएगी, तेरा मुख भी नहीं देख पाएगी।''
Recommended Video

'मंदिर में या रास्ते में मारेंगे तूझे...'
हाथ से लिखी हुई चिट्ठी में आगे लिखा है, ''रात में नहीं मारेंगे, ना सुबह मारेंगे, तुझे दिन में मंदिर में या रास्ते में मारेंगे। अगर जीना चाहता है तो मंदिर छोड़ दे। तेरे लिए 10 दिन का वक्त है। नहीं तो तेरी मृत्यु निश्चित है। जैसे उदयपुर में कन्हैया लाल का हुआ। वैसा ही तेरे साथ भी होगा। हम तेरा नाम नहीं जानते हैं लेकिन तेरा चेहरा देख लिया है। प्रेषक कामा पहाड़ी''

आखिर क्यों मिल रही है पुजारी को जान से मारने की धमकी
आज तक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक ये पूरा मामला भरतपुर के मथुरा गेट थाने इलाके में महारानी श्री जया कॉलेज परिसर में स्थित श्री हनुमान जी मंदिर का है। इस मंदिर के फिलहाल डॉ. ताराचंद शर्मा पुजारी हैं। डॉ. ताराचंद शर्मा को कॉलेज प्रशासन ने अप्रैल 2022 में पुजारी के पद पर तैनात किया था। इससे पहले इस मंदिर में कोई और पुजारी थी, जिसे कॉलेज प्रशासन ने हटा दिया था।

इस पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर एएसपी चंद्र प्रकाश शर्मा ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमने मंदिर में चिपका पत्र देखा है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। इसके अलावा हमें पता चला है कि कुछ समय पहले इस मंदिर के पुजारी को हटाने को लेकर विवाद हुआ होगा। उन्होंने कहा कि हम इस एंगल पर भी जांच कर रहे हैं।

मंदिर की बढ़ाई गई सुरक्षा
भरतपुर के मंदिर के पुजारी का सिर काटने की धमकी के बाद मंदिर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भरतपुर के एसपी श्याम सिंह ने कहा कि मंदिर के वर्तमान और पूर्व पुजारियों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा है, जो एक कॉलेज के अंदर स्थित है। उन्होंने कहा, "हमने मंदिर को सुरक्षा मुहैया कराई है और पत्र के पीछे के व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications