राजा रघुवंशी मर्डर केस में नए किरदार की एंट्री, कौन है जितेंद्र रघुवंशी? क्या है सोनम से कनेक्शन?
Raja Raghuvanshi Murder Case: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्या कांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पहले गुमशुदगी की कहानी फिर मर्डर का खुलासा। सोनम रघुवंशी के मिलने के बाद इस मामले में लगातार नई कड़ियां जुड़ती जा रही हैं। अब इस मामले में एक के बाद एक खुलासों के बीच अब पुलिस की जांच एक रहस्यमय नाम तक पहुंची है- जितेंद्र रघुवंशी।
इस 'मिस्ट्री मैन' की कहानी उतनी ही जटिल है जितनी इस हत्याकांड की परतें। सोनम के बैंक खाते से जुड़े लाखों रुपये के लेन-देन में जितेंद्र की संदिग्ध भूमिका सामने आ रही है। हवाला नेटवर्क से उसके संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को अब जितेंद्र की तलाश है, जिससे उम्मीद है कि केस से जुड़े कई बड़े राज सामने आएंगे।

कौन है जितेंद्र रघुवंशी?
जितेंद्र रघुवंशी सोनम का रिश्तेदार बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि सोनम ने सुपारी किलर्स के साथ लाखों रुपये का लेन-देन किया है। इन पैसों के लेन-देन में जितेंद्र की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम रघुवंशी ने हत्या की साजिश में जिन लोगों को पैसे दिए, उनकी पहली किश्त 23 मई को जितेंद्र रघुवंशी के बैंक खाते से भेजी गई थी।
ये भी पढ़ें: Sonam Raghuvanshi: सोनम ने हनीमून के लिए मेघालय क्यों चुना? राजा के मर्डर का क्या है मंगलसूत्र से कनेक्शन?
सोनम के भाई गोविंद ने मीडिया को बताया कि जितेंद्र उसका ममेरा भाई है और उनके पारिवारिक व्यवसाय में जूनियर कर्मचारी के रूप में काम करता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोनम का UPI खाता जितेंद्र के नाम से खोला गया था। हालांकि, यह सवाल बना हुआ है कि खाता सोनम के नाम से क्यों नहीं खोला गया।
हवाला के जरिए पैसों की लेन-देन?
जांच में यह भी संदेह जताया गया है कि जितेंद्र ने इन पैसों को हवाला नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया हो। हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका के चलते पुलिस ने राज कुशवाह नाम के एक व्यक्ति पर भी नजरें टिकी रखी हैं, जो इस फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन को कथित तौर पर हैंडल करता था।
देवास में छिपा होने की आशंका
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र रघुवंशी इस समय देवास में हो सकता है। उसकी तलाश के लिए देवास और आस-पास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। टीम लगातार संपर्क में है और जल्द ही उसे हिरासत में लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
जांच में आगे और खुलासों की उम्मीद
जितेंद्र के सामने आने से यह केस और भी पेचीदा हो गया है। अब पुलिस उम्मीद कर रही है कि इस 'मिस्ट्री मैन' की गिरफ्तारी से पूरे हत्याकांड की परतें खुलेंगी और असली साजिशकर्ता तक पहुंचना आसान होगा।
ये भी पढ़ें: Sonam Raghuwanshi: 11 मई को सिंदूर-11 जून को कबूला जुर्म! सोनम-राज में मास्टरमाइंड कौन? 8 दिन में होगा खुलासा












Click it and Unblock the Notifications