अखिलेश अभी नाराजगी दिखा रहे हैं लेकिन चीजें सुलझ जाएंगी: राज बब्बर
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि वो अखिलेश यादव को मना लेंगे और आने वाले चुनाव में वो सपा के साथ मिलकर चुनाव लडेंगे। एक दिन पहले ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव ना लड़ने की बात कहने के बाद बब्बर का ये बयान आया है। बब्बर ने कहा कि आज आमजन ये चाहता है कि कांग्रेस और सपा साथ रहें।

नाराजगी कभी बेगानों से नहीं होती: बब्बर
राज बब्बर ने गुरुवार को कहा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेता के बयान में उनकी नाराजगी नजर आ रही है। नाराजगी कभी बेगानों से नहीं होती। कांग्रेस और सपा का नेतृत्व आपस में बात करके इन चीजों को सुलझा लेगा। जनता ये चाह रही है कि हम लोग साथ मिलकर चुनाव लड़ें। उत्तर प्रदेश का 2017 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस और सपा ने मिलकर लड़ा था।

सपा अध्यक्ष ने कही है ये बात
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को 2019 के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, कांग्रेस, रालोद के साथ आने की संभावनाओं पर कहा है कि यूपी में गैरकांग्रेसी गठबंधन बनेगा। उन्होंने कहा कि वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर से भी मुलाकात करेंगे और छोटे दलों को एकजुट कर तीसरा मोर्चा तैयार करेंगे। अखिलेश जनवरी में तेलंगाना के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।

मंत्रीपद को लकर है नाराजगी
मध्य प्रदेश में सपा विधायक को मंत्री ना बनाए जाने को लेकर अखिलेश यादव खफा हैं। लखनऊ में बुधवार को उन्होंने कहा, कांग्रेस को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हमारे विधायक को मध्य प्रदेश में मंत्री नहीं बनाया। इससे यूपी में गठबंधन का रास्ता साफ हो गया। यूपी में गैर-कांग्रेसी गठबंधन बनेगा। मध्य प्रदेश में सपा का एक विधायक है, जिसने कांग्रेस की सरकार को समर्थन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications