उत्तर-मध्य भारत में मानसून को लेकर बड़ी खबर, अगस्त-सितंबर में होगी इतनी बारिश
नई दिल्ली।भारत के मौसम विभाग ने शुक्रवार को अपने नवीनतम पूर्वानुमान में कहा कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून (अगस्त-सितंबर) सीजन की दूसरी छमाही में बारिश सामान्य रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 2020 में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दूसरे हिस्से (अगस्त-सितंबर) के दौरान वर्षा के अपने दीर्घकालिक पूर्वानुमान में कहा कि अगस्त में लंबी अवधि में वर्षा के औसत (एलपीए) की 97 प्रतिशत बारिश हो सकती है।

पूरे देश में एलपीए की 104 प्रतिशत वर्षा हो सकती है
अगस्त और सितंबर में, भारत में लगभग 43 मिमी वर्षा होती है।आईएमडी ने कहा, मात्रा के आधार पर देखें तो इस मौसम के दूसरे हिस्से में पूरे देश में एलपीए की 104 प्रतिशत वर्षा हो सकती है जिसमें आठ प्रतिशत कम-ज्यादा की मानक त्रुटि शामिल है। देश में 1961 से 2010 के बीच वर्षा का एलपीए 88 सेंटीमीटर था। 96 से 104 प्रतिशत के बीच एलपीए के मॉनसून को सामान्य माना जाता है।

30 जुलाई तक देश में सामान्य से एक प्रतिशत अधिक वर्षा हुई
देश में एक जून को केरल से मॉनसून की आमद हुई थी और 30 जुलाई तक देश में सामान्य से एक प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। मॉनसून 30 सितंबर तक रहता है। जून और जुलाई में, मानसून उत्तर भारत में सामान्य से 18 फीसदी कम, मध्य भारत में 4 फीसदी कम, दक्षिणी में 12 फीसदी और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 12 फीसदी अधिक रहा। जून में देश में 17.6% अधिक बारिश हुई, जबकि जुलाई में 9.8% की कमी दर्ज की गई है। जुलाई में मुख्य मानसून क्षेत्र में बारिश आमतौर पर प्रभावी होती है, लेकिन इस बार मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में क्रमशः 22 प्रतिश और 26.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

किसानों ने पिछले साल की तुलना इस बार अधिक फसल बोई
अच्छी बारिश से उत्साहित, देश भर के किसानों ने पिछले साल की तुलना में 31 जुलाई तक लगभग 14 प्रतिशत अधिक क्षेत्र में खरीफ की फसल लगाई है। इसमें मूंगफली, अरंडी, मूंग, उड़द और बाजरा क्षेत्र शामिल है। अच्छी बारिश के कारण देश भर में 123 से अधिक जलाशयों के जल स्तर में भी काफी सुधार हुआ है और भंडारण 31 जुलाई तक 62.92 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) के आसपास है, जो पिछले साल के भंडारण से 141% अधिक है। पिछले 10 वर्षों का भंडारण के औसत से 103% अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications