महाराष्ट्र में जोरदार बारिश, इस बार देश में मानसून को लेकर अच्छी खबर
कोंकण, महाराष्ट्र में हुई बारिश के बाद इलाके में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मानसून समय से आ रहा है।
पुणे। महाराष्ट्र के कोंकण में मानसून के पहले की बारिश ने जोरदार दस्तक दी। कोंकण के साथ राज्य के अलग-अलग जगहों पर मूसलाधार बारिश हुई। सिंधुदुर्ग जिले के सावंतवाडी, कुडाल, दोडामार्ग, कणकवली, वैभववाडी, देवगड में मंगलवार रात को मूसलादार बारिश हुई। रत्नागिरी, राजापुर, लांजा परिसर में बुधवार सुबह तक भी बारिश की रिमझिम देखने को मिली। कोंकण सहित मराठवाडा क्षेत्र में भी बारिश हुई। वहीं बीड और सांगली में सुबह तक रिमझिम बारिश की फुहार देखने को मिली।

रत्नागिरी सहित समुद्री किनारे क्षेत्र में तूफानी बारिश और हवाएं भी चली। बारिश की वजह से बहुत से स्थानों में कुछ समय के लिए बिजली नदारद रही। तेज हवाओं की वजह से जगह-जगह पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी देखने को मिली। लंबे समय बाद बारिश की वजह से गर्मी से लोगों को काफी राहत महसूस हुई और लोगों ने बारिश में भीगकर मौसम का मजा भी लिया। इससे साफ जाहिर होता है कि मानसून का सभी को इंतजार है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे देश और राज्य में मानसून समय से पहले अपनी दस्तक देगा। मानसून के पहले की बारिश की फुहार ने यह साबित कर दिया कि यह जल्द ही दाखिल होगा। मंगलवार दोपहर से ही बारिश जैसा मौसम बना हुआ था। देर रात तक बारिश की लुकाछुपी बहुत से स्थानों में देखने को मिली। मानसून के पहले की बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली और वहीं दूसरी ओर किसान फसलों के खराब होने की वजह से चिंतित भी नजर आए।
विशेषज्ञों की माने तो पूरे देश में मानसून के दाखिल होने की अच्छी खबर है। महाराष्ट्र में मानसून 4 दिनों के अंदर दाखिल होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन पहले ही मानसून केरल में प्रवेश कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications