12 सितंबर से रेलवे शुरू करेगा 40 जोड़ी नई ट्रेनें, जानें कब से शुरू होगी बुकिंग
नई दिल्ली: भारत में मार्च में ही तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने लगा था। जिस वजह से पूरे देश में लॉकडाउन लागू करना पड़ा। इसके बाद सभी ट्रेनों का संचालन भी बंद हो गया। देशभर में अब अनलॉक की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। जिस वजह से रेल सेवा भी पटरी पर आने लगी है। ऐसे में रेलवे ने 12 सितंबर से 40 जोड़ी (80) नई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
Recommended Video

10 सितंबर से होगी बुकिंग
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव के मुताबिक अब स्थिति सुधरने लगी है। ऐसे में रेलवे 12 सितंबर से 40 जोड़ी नई ट्रेनें चलाएगा। जिसका आरक्षण 10 सितंबर से शुरू होगा। इसके अलावा मौजूदा वक्त में 230 ट्रेनों का परिचालन रेलवे कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी परीक्षा या किसी अन्य उद्देश्य के लिए राज्य सरकारें ट्रेनों के संचालन का आग्रह करेंगी, तो रेलवे तुरंत वहां पर अतिरिक्त ट्रेनें चला देगा।

राज्यों से रेलवे ले रहा सलाह
चेयरमैन विनोद यादव के मुताबिक लॉकडाउन की वजह से 25 मार्च से यात्री ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। अब अनलॉक 4 की गाइडलाइन आने के बाद रेलवे ज्यादा ट्रेनों के संचालन की योजना बना रहा है। इसके लिए राज्य सरकारों से भी सलाह ली जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे सभी स्टेशनों पर नजर बनाए हुए है, जहां पर वेटिंग लिस्ट ज्यादा हुई वहां पर स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी।

हो रहा भारी नुकसान
आपको बता दें कि लॉकडाउन के बाद एक मई से रेलवे ने श्रमिक ट्रेनों का संचालन शुरू किया था। इसके बाद 12 मई से 15 जोड़ी और 1 जून से 100 जोड़ी नई ट्रेनें शुरू हुईं। रेलवे धीरे-धीरे ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वहीं केंद्र सरकार ने भी 7 सितंबर से मेट्रो के संचालन को अनुमति दे दी है। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा। पांच महीने लगातार सेवा बंद होने से मेट्रो और रेलवे को भारी नुकसान पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications