रेल यात्रियों से वसूला जा सकता है ये नया शुल्क, देश के 120 स्टेशनों पर लागू होगा प्लान
नई दिल्ली: रेलवे लगातार यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रहा, लेकिन उसका सीधा असर जनता की जेब पर भी पड़ रहा है। अब खबर आ रही कि जल्द ही रेलवे देश के 100 से ज्यादा स्टेशनों पर यूजर्स चार्ज वसूल सकता है। इसके बदले आपको स्टेशन तो साफ-सुथरा मिलेगा ही, साथ ही उसमें कई अत्याधुनिक सुविधाएं भी होंगी। हालांकि रेलवे ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है।

50 रुपये तक होगा नया शुल्क
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि रेलवे ने करीब 120 स्टेशनों को रीडेवलपमेंट के लिए चुना है। इससे यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं तो मिलेंगी ही, साथ ही निवेशक भी आकर्षित होंगे। इस रीडेवलपमेंट के लिए अलग-अलग श्रेणी के यात्रियों से 10 रुपये से लेकर 50 रुपये तक का शुल्क लिया जाएगा। इसमें सबसे ज्यादा शुल्क फर्स्ट क्लास में यात्रा करने वाले यात्री भरेंगे। अगले दो हफ्ते के अंदर इस मामले में रेलवे कोई फैसला ले सकता है।
Recommended Video

कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार
अधिकारियों के मुताबिक जब कैबिनेट यूजर चार्ज पर मुहर लगाएगी, तो रेल मंत्रालय इससे संबंधित बैठक करेगा। साथ ही ये फैसला लेगा कि किन स्टेशनों पर चार्ज वसूला जाए। पहले चरण में ये शुल्क नई दिल्ली, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस मुंबई, नागपुर, तिरुपति, चंडीगढ़, ग्वालियर, साबरमति समेत 120 बड़े स्टेशनों पर लागू होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली और मुंबई स्टेशन पर बोली की तारीख को अब 18 दिसंबर और 15 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। यूजर्स चार्ज से जो पैसा इकट्ठा होगा, उसको रीडेवलपमेंट करने वाली फर्म को दिया जाएगा।

क्या सभी स्टेशनों पर बढ़ेगा शुल्क?
वहीं जब रेलवे अधिकारियों से इस बारे में पूछा गया कि क्या सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म शुल्क बढ़ेगा, तो उन्होंने कहा कि अभी इस पर विचार विमर्श किया जाना बाकी है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि अनारक्षित श्रेणी और लोकल ट्रेन के यात्री इस शुल्क से बच सकते हैं। इससे पहले रेलवे ने स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को एक बड़ा झटका दिया था। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि स्पेशल ट्रेनों के लिए कम से कम 500 किमी का किराया अनिवार्य कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications