टमाटर के भाव ने राहुल गांधी को किया 'लाल', मोदी सरकार से पूछा- 'आखिर किसका है ये अमृतकाल?'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खाने-पीने की चीजों की कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने ट्विटर के जरिए कुछ चीजों के दाम गिनाए हैं और आरोप लगाया है कि सरकार गरीबों और मध्यमवर्ग को भूल गई है।
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट की शुरुआत टमाटर की कीमत से की है और बताया है कि यह 140 रुपए किलो मिल रहा है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस शासित राज्यों में गरीबों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। उनके मुताबिक सिर्फ एक ही सवाल है कि यह किसका अमृतकाल है?

किसका अमृतकाल?- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा है,
'टमाटर: 140 रुपए/किलो
फूल गोभी: 80 रुपए/किलो
तुअर दाल: 148 रुपए/किलो
ब्रांडेड अरहर दाल: 219 रुपए/किलो
और पकाने का गैस सिलेंडर 1,100 रुपए के पार'
'पूंजीपतियों की संपत्ति बढ़ाने में लगी है सरकार'
वह आगे लिखते हैं, 'पूंजीपतियों की संपत्ति बढ़ाने और जनता से टैक्स वसूल करने में व्यस्त भाजपा सरकार, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भूल ही गई। युवा बेरोजगार हैं, रोजगार है तो आय कम और महंगाई से बचत खत्म। गरीब खाने को तड़प रहे हैं, मध्यमवर्ग बचाने को तरस रहा है।'
कांग्रेस सरकारों ने राहत दिए हैं- राहुल
यही नहीं कांग्रेस नेता ने दावा किया है, 'कांग्रेस शासित राज्यों में हमने महंगाई से राहत के लिए गैस के दाम घटाए, आर्थिक सहायता के लिए गरीबों के खातों में पैसे डाले। नफरत मिटाने, महंगाई, बेरोजगारी हटाने और समानता लाने का प्रण है भारत जोड़ो यात्रा - भाजपा को जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने नहीं देंगे। 9 साल का एक ही सवाल है! आखिर किसका है ये अमृतकाल?'
भ्रष्टाचार को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर किया जोरदार हमला
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर यह हमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को दिए गए भाषण के बाद किया है। पीएम मोदी ने भोपाल के एक कार्यक्रम में विपक्षी दलों की पटना वाली महाबैठक को '20 लाख करोड़ रुपए की गारंटी 'बताकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि ये पार्टियां सिर्फ घोटाले की गारंटी दे सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि देश को तय करना है कि वह ऐसी गारंटी चाहता है या फिर घोटालेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी।
परिवारवाद की राजनीति भी पीएम के निशाने पर
यही नहीं, पीएम मोदी ने परिवारवाद की राजनीति को लेकर भी बहुत जोरदार हमला किया था। इसके साथ ही उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड का भी जोरदार समर्थन किया है। जिसके बारे में कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार इसे जल्द ही संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है।
दरअसल, मौसम की मार की वजह से देश में टमाटर की कीमतों में अचानक उछाल आ गई है। इसके असर से बाकी सब्जियों के भाव भी आसमान छूने लगे हैं। यही वजह है कि राहुल गांधी ने इनके दाम गिनाकर मोदी सरकार को घेरने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications