भारत के पास कमजोर प्रधानमंत्री: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर बोला हमला, बोले भारत के पास एक कमजोर प्रधानमंत्री है, दो खबरों को ट्वीट कर साधा निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है, उन्होंने ट्विटर पर कुछ खबरों को ट्वीट करते हुए लिखा है कि भारत के पास एक कमजोर प्रधानमंत्री है उन्होंने जिन खबरों को ट्वीट किया है उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की यात्रा का हवाला दिया गया है।

राहुल गांधी ने जिस खबर को ट्वीट किया है उसमें लिखा है कि ट्रंप के साथ मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने एच1बी वीजा के बारे में बात नहीं की। इस खबर में डोनाल्ड ट्रंप को देखा जा सकता है, जिसके पीछे एक बैनर लगा है जिसपर लिखा है अमेरिकी खरीदो और अमेरिकियों को नौकरी दो। वहीं जो दूसरी खबर राहुल गांधी ने ट्वीट की है वह कश्मीर के मुद्दे से जुड़ी है।
जिन दो खबरों को राहुल गांधी ने ट्वीट किया है वह दोनों द हिंदू की हैं, दूसरी खबर में लिखा गया है कि भारत ने अमेरिका को इस बात की स्वीकृति दे दी है कि वह भारत द्वारा शासित जम्मू-कश्मीर शब्द का इस्तेमाल कर सकता है। भारत के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका को अब इस बात की स्वीकृति दे दी है कि वह जम्मू कश्मीर को भारत द्वारा शासित राज्य कह सकता है, जिससे भारत का जम्मू-कश्मीर को लेकर रुख साफ होता है।
आपको बता दें कि राहुल गांधी हाल ही में इटली की यात्रा पर चले गए थे, वह अपनी नानी से मुलाकात करने के लिए गए थे। राहुल की इस यात्रा को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी कि वह ऐसे समय में बाहर गए हैं जब भारत ने राष्ट्रपति का चुनाव होना है और विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications