राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का वक्त आ गया है: सोनिया गांधी
नई दिल्ली। राहुल गांधी जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष बनने जा रहे है। वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी मां सोनिया गांधी ने खुद इसका खुलासा करते हुए कहा कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का समय आ गया है। राहुल गांधी इस समय गुजरात में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं।
एनडीटीवी से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने को लेकर काफी समय से सवाल पूछे जा रहे हैं, अब इन सवालों का जवाब देने का वक्त आ गया है। यह पूछे जाने पर उन्हें यह जिम्मेदारी कब दी जाएगी? सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल इस गुजरात और हिमाचल में पार्टी के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं लेकिन जल्द ही उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
बता दें कि हाल ही में कई राज्यों की कांग्रेस इकाई ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भेजा था। राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट भी दीवाली बाद राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की बात कह चुके हैं। सचिन पायलट ने कहा था, 'कांग्रेस में संगठन के चुनाव चल रहे हैं। दिवाली के बाद जल्द ही नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। यह चुनाव लंबे अर्से से पाइपलाइन में है।' उन्होंने कहा था कि पार्टी में यह भावना आम हो गई है कि 'वक्त आ गया है'।
ये भी पढ़ें- चुनाव से पहले ED ने वीरभद्र सिंह के परिवार पर की बड़ी कार्रवाई