कोरोना के चलते राहुल ने रद्द की बंगाल में होने वाली सभी रैलियां, नेताओं से की ये अपील
नई दिल्ली, अप्रैल 18: बंगाल में 5 चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है, लेकिन अभी भी तीन चरण बाकी हैं। इस बीच कोरोना के बढ़ते मामलों ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय, चुनाव आयोग आदि की अपीलों को नजरअंदाज करते हुए सभी पार्टियों के नेता अपनी-अपनी रैलियों में बंपर भीड़ इकट्ठा कर रहे हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि चुनाव खत्म होने तक बंगाल में कोरोना बेकाबू हो जाएगा। जिसको देखते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने एक बड़ा फैसला लिया है।

Recommended Video
राहुल गांधी ने बंगाल में होने वाली सभी रैलियों को रद्द कर दिया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मैंने बंगाल में होने वाली सभी रैलियों को रद्द करने का फैसला लिया है। मैं सभी पार्टियों से ये निवेदन करता हूं कि वो इस बारे में सोचें। मौजूदा हालात में बड़ी पब्लिक रैलियों को करना सही नहीं है। इससे पहले एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि बीमारों और मृतकों की भी इतनी भीड़ पहली बार देखी है।
लगातार सरकार पर हमलावर हैं राहुल
जब से कोरोना वायरस की दूसरी लहर आई है, तब से राहुल मोदी सरकार पर हमलावर हैं। वो रोजाना सुबह ट्वीट कर सरकार की खामियों को गिनाते हैं। हाल ही में राहुल ने एक ट्वीट में लिखा कि ना टेस्ट हैं, ना हॉस्पिटल में बेड, ना वेंटिलेटर हैं, ना ऑक्सीजन, वैक्सीन भी नहीं है, बस एक उत्सव का ढोंग है। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि श्मशान और कब्रिस्तान दोनों... जो कहा सो किया।
बंगाल में कैसे हैं हालात?
2.60 लाख नए मामलों के साथ देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1,47,82,823 हो गई है। जिसमें से 1,28,05,147 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,77,168 की मौत हुई है। बंगाल भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित राज्य है, जहां शनिवार को 7717 मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 6.51 लाख हो गई है, जिसमें से 10540 मरीजों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications