अब राहुल गांधी का बेटा होगा अगला कांग्रेस अध्यक्ष: अमित शाह

भाजपा में वंशवाद को बढ़ावा दिए जाने के सवाल पर शाह ने कहा कि कांग्रेस में जिस तरह का वंशवाद कायम है, मीडिया उसकी तुलना भाजपा में काम कर रहे कुछ चुनिंदा लोगों से करती है, जो गलत है। भाजपा में किसी तरह का वंशवाद नहीं है। अमित शाह ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस में वंशवाद कामय है उसके हिसाब से तो कांग्रेस का अगला अध्यक्ष राहुल गांधी का बेटा ही होगा। शाह ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की उप्र में तीन और रैलियां होंगी। 23 जनवरी को गोरखपुर में, 2 फरवरी को मेरठ में और सबसे अंतिम रैली 2 मार्च को लखनऊ में होगी।
शाह ने दावा किया कि लखनऊ में होने वाली मोदी की रैली में पूरे राज्य से 15 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। लोकसभा चुनाव के दौरान उप्र में किसी अन्य दल से गठबंधन के सवाल पर शाह ने कहा कि उप्र में किसी के साथ गठबंधन नहीं किया जाएगा। सभी 80 लोकसभा सीटों पर पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। शाह से यह पूछे जाने पर कि क्या लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी दागियों और भ्रष्टाचार की पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि दागियों और भ्रष्टाचारियों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। गौरतलब है कि कर्नाटक के दागी पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा गुरुवार को फिर से भाजपा में शामिल कर लिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications