राहुल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- आप बहुत बोलते हैं, मुंह में पाइप लगाइए देखें गैस निकलता है या नहीं
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बीजेपी पर हमला बोलने का कोई भी मौका नहीं चूक रहे। दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में बुधवार को 'इंडियन यूथ कांग्रेस' की देशव्यापी 'युवा क्रांति यात्रा' में राहुल गांधी ने राफेल मुद्दे पर पीएम मोदी पर फिर से निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल डील पर पीएम को घेरते हुए कहा कि राफेल को लेकर हमने तीन-चार सवाल पूछे थे। कभी यहां देखे, कभी वहां देखे, कभी इधर- कभी उधर मगर चौकीदार ने आंख नहीं मिलाई।

राहुल गांधी ने कहा की वे कल मनोहर पर्रिकर से मिलने गए थे, उन्होंने बताया की डील बदलते समय पीएम ने हिंदुस्तान के रक्षा मंत्री से नहीं पूछा था। पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी मैं समझ रहा हूं कि रात को आपको नींद नहीं आ रही है। मैं जानता हूं कि आप जब रात में सोते है तो अनिल अंबानी की फोटो दिखाई देती है। राफेल पर घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक तरफ मनोहर पर्रिकर जी कैबिनेट मीटिंग में कहते हैं कि मेरे पास राफेल हवाई जहाज की फाइल है, मुझे गोवा से कोई नहीं हटा सकता। राहुल ने कहा कि मोदी जी पर्रिकर को खुश करने की कोशिश करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी कहीं जाते हैं तो कहते हैं कि मैंने शानदार चीज देखी। तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि मोदी जी कहते हैं एक ढाबा था, नाला था, एक स्टील का बर्तन रखा पाइप लगाया, गैस निकली चूल्हा जलाया। राहुल ने कहा 'मोदी जी एक काम करिए आप बहुत बोलते हैं अपने सामने एक पाइप लगाओ देखते हैं गैस निकलती है या नहीं। आपको बता दें कि किसानों की आत्महत्या, दलितों पर होने वाले हमले और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस की युवा ईकाई ने 46 दिनों में 22 हजार किलोमीटर की यात्रा किया था, इसका समापन बुधवार को ताल कटोरा स्टेडियम में हुआ।












Click it and Unblock the Notifications