Rahul Gandhi Disqualified: दोपहर एक बजे राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, देशभर में होगा विरोध-प्रदर्शन
लोकसभा से सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। राहुल गांधी दोपहर 1 बजे कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

Rahul Gandhi Press Conference: कांग्रेस नेता और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की अदालत ने दोषी ठहराए जाने के बाद एक दिन बाद शुक्रवार को लोकसभा से सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है। जिसके बाद पूरे देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं अब वायनाड से सांसदी जाने के बाद राहुल गांधी शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
दोपहर 1 बजे राहुल गांधी की पीसी
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी शनिवार दोपहर 1 बजे कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को सांसद के रूप में अयोग्यता के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, "मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।"
दो घंटे चली आपातकालीन बैठक
इधर, राहुल गांधी पर हुई कार्रवाई के बाद शुक्रवार शाम कांग्रेस नेताओं ने आपातकालीन बैठक बुलाई, जो करीब दो घंटे तक चली। बैठक में बताया गया कि शनिवार को राहुल गांधी विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। कांग्रेस की इस इमरजेंसी मीटिंग में पार्टी के 40 सदस्य बड़े नेता मौजूद रहे और बाकी के सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
सोमवार से देशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की, जिसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित कुल 40 सदस्य मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया कि कांग्रेस सोमवार से देशभर में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू करेगी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की अयोग्यता पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेने के लिए एक समिति बनाने का भी फैसला किया।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में एक नेता ने सुझाव दिया कि पार्टी के सभी सांसदों को सामूहिक इस्तीफा देना चाहिए। हालांकि इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। बैठक में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में पार्टी की जीत से इस (अयोग्यता) का जवाब दिया जाना चाहिए। वहीं कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी की अयोग्यता उन्हें केंद्र सरकार के खिलाफ बोलने से रोकने के लिए एक "पैटर्न" का हिस्सा है और वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का प्रयास है।












Click it and Unblock the Notifications