'आज नहीं तो कल सच्चाई की जीत होती ही है', जानें सजा पर रोक के बाद क्या बोले राहुल गांधी?
मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर सुनवाई पूरी होने तक रोक लगा दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात हाईकोर्ट के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता कर जोरदार तरीके से अपना पक्ष रखा।
जानें क्या बोले राहुल?
प्रेस वार्ता में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसो सच्चाई की जीत होती है लेकिन चाहे जो हो मेरा रास्ता साफ है। मुझे क्या करना है, मेरा क्या काम है उसे लेकर मेरे दिमाग में स्पष्टता है। जिन लोगों ने हमारी मदद की और जनता ने जो प्यार और साथ दिया उसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद।

जानें मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा?
वहीं इस मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी का दिन है क्योंकि यह लोकतंत्र, संविधान और सच्चाई की जीत है। मैं सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं, यह एक उदाहरण है कि न्याय मिल सकता है। यह सिर्फ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की नहीं बल्कि पूरे देश की जीत है...वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जो सच्चाई, राष्ट्रहित, युवाओं के अधिकारों और देश में महंगाई के लिए लड़ते हैं। राहुल गांधी को 24 घंटे के भीतर अयोग्य घोषित कर दिया गया। देखते हैं कितने घंटे में बहाल होता है।
आज सत्य की जीत हुई: अधीर रंजन
वहीं इस मामले में लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया तो हमें बहुत खुशी हुई। राहुल गांधी की संसद में अनुपस्थिति महसूस हुई। प्वाइंट ऑफ इनफार्मेशन के माध्यम से मैंने संसद में सभापति को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बारे में बताया और कहा कि उनकी सदस्यता जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए...आज सत्य की जीत हुई।
जानें अभिषेक मनु सिंघवी ने क्या कहा?
वहीं इस मामले पर राहुल गांधी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अदालतों या हमारे द्वारा आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं है। आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता यह है कि कृपया राहुल गांधी की सदस्यता बहाल करें, लोकसभा और उनके उचित अधिकार वाले घर में उनकी वापसी उतनी ही समय अवधि में बहाल की जाए जिस तरह उन्हें बाहर किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications